साइकिल से इलाज कराने एम्स रायपुर जा रहे थे 77 वर्षीय बुजुर्ग, गांव की संकरी सड़क पर भारी वाहनों की आवाजाही रोकने की मांग
भिलाई, कुम्हारी थाना क्षेत्र के ग्राम कुगदा में बुधवार सुबह तेज रफ्तार कैप्सूल वाहन की टक्कर से साइकिल सवार 77 वर्षीय बुजुर्ग की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया। बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने कुम्हारी थाने का घेराव कर प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की और गांव की सड़कों पर भारी वाहनों की आवाजाही पर तत्काल रोक लगाने की मांग की।
मृतक की पहचान समीपस्थ ग्राम नारधी के सिन्हा पारा निवासी बिशाल वर्मा पिता लक्ष्मीनाथ वर्मा (77 वर्ष) के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार बुधवार सुबह करीब 6.30 बजे बिशाल वर्मा अपनी साइकिल से स्वास्थ्य उपचार कराने रायपुर एम्स जा रहे थे। वे नारधी से कुगदा गांव होते हुए आगे बढ़ रहे थे। इसी दौरान गांव में धर्मेंद्र लहरी के घर के पास सामने से आ रहे तेज रफ्तार कैप्सूल वाहन ने उनकी साइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बुजुर्ग ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
हादसे की खबर मिलते ही कुगदा सहित आसपास के गांवों के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। घटना से आक्रोशित ग्रामीण कुम्हारी थाने पहुंचे और घेराव कर विरोध प्रदर्शन किया। ग्रामीणों का कहना है कि गांव की संकरी सड़कों से कैप्सूल और हाइवा जैसे भारी वाहन लगातार गुजरते हैं। इससे राहगीरों और ग्रामीणों की जान हमेशा जोखिम में बनी रहती है। इस समस्या को लेकर कई बार जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों को अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई।

ज्ञापनों के बाद भी नहीं रुकी भारी वाहनों की आवाजाही
विरोध प्रदर्शन में शामिल क्षेत्रीय पार्षद ओंकार मार्कंडेय ने प्रशासन की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताई। उन्होंने बताया कि पार्षद के रूप में अपने दूसरे कार्यकाल के दौरान वे कई बार गांव की सड़क पर भारी वाहनों की आवाजाही रोकने की मांग उठा चुके हैं। इस संबंध में सांसद, विधायक सहित विभिन्न जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों को ज्ञापन भी सौंपे गए। इसके बावजूद समस्या का समाधान नहीं किया गया। उन्होंने कहा कि यदि समय रहते भारी वाहनों की आवाजाही पर रोक लगाने के लिए कदम उठाए गए होते तो संभवत: आज यह दुखद हादसा नहीं होता।
ग्रामीणों ने गांव की संकरी सड़क से भारी वाहनों का आवागमन बंद कराने और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए ठोस व्यवस्था करने की मांग की। इधर, पुलिस ने ग्रामीणों को समझाइश देकर मामला शांत कराया। पुलिस ने मर्ग कायम कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
Link : https://shricgnewscreator.com/elderly-man-killed-after-being-hit-by-a-heavy-vehicle-villagers-surround-police-station/








