साइबर ठगी की रकम के लेन-देन में इस्तेमाल हो रहे थे खाते, 5 से 15 हजार रुपये तक लेते थे कमीशन
भिलाई, साइबर ठगी की रकम के लेन-देन के लिए बैंक खाते उपलब्ध कराने वाले छह म्यूल खाताधारकों को दुर्ग पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी कमीशन के लालच में अपने बैंक खाते, पासबुक, एटीएम कार्ड, चेकबुक और सिम कार्ड एजेंटों के माध्यम से दूसरे लोगों को उपलब्ध कराते थे। इसके बदले उन्हें 5 हजार से 15 हजार रुपये तक मिलते थे।
पुलिस जांच में इन खातों के माध्यम से लाखों रुपये से अधिक की साइबर ठगी की रकम का लेन-देन सामने आया है। थाना सुपेला, पदमनाभपुर, मोहन नगर और एसीसीयू की संयुक्त टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और बैंक खातों के विश्लेषण के आधार पर कार्रवाई की।
आरोपियों में आशिष कुमार साहू, नीतेश मसीह, धरम राज तिवारी, अमित मिश्रा, गिरजा सिन्हा और रविन्द्र कुमार दिवान शामिल हैं। पुलिस ने इनके कब्जे से बैंक पासबुक, एटीएम कार्ड, चेकबुक, मोबाइल सिम, मोबाइल फोन और अन्य दस्तावेज जब्त किए हैं। चार अलग-अलग अपराधों में आरोपियों के विरुद्ध बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है।
दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि कमीशन के लालच में किसी को अपना बैंक खाता या बैंकिंग दस्तावेज उपलब्ध न कराएं। साइबर ठगी होने पर तत्काल हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं।
Link : https://shricgnewscreator.com/six-mule-account-holders-arrested-for-providing-bank-accounts-in-exchange-for-a-commission/








