हुडको में कार से मिली 260 अल्प्राजोलम टैबलेट, तीन गिरफ्तार

Editor
By Editor 4 Min Read

गणेश पंडाल के पास पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ा, 1.04 लाख रुपये कीमत की नशीली गोलियां, कार और चार मोबाइल जब्त

भिलाई, सूखे नशे के खिलाफ दुर्ग पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। भिलाईनगर थाना पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर लाल मैदान, हुडको स्थित गणेश पंडाल के पास एक कार की तलाशी लेकर अवैध नशीली अल्प्राजोलम टैबलेट बरामद की है। पुलिस ने मामले में तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से कुल 260 नग अल्प्राजोलम टैबलेट, जिसका वजन 33.800 ग्राम और अनुमानित कीमत 1 लाख 4 हजार रुपये बताई गई है, बरामद की गई। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त कार और चार मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं।

तीनों के कब्जे से मिली गोलियां

पुलिस के अनुसार 27 सितंबर को भिलाईनगर थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि लाल मैदान, हुडको स्थित गणेश पंडाल के पास एक सफेद रंग की कार में कुछ लोगों के पास अवैध नशीली टैबलेट रखी हुई है। सूचना पर पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और संदिग्ध कार की घेराबंदी की। कार में मौजूद तीन लोगों को पुलिस ने हिरासत में लेकर तलाशी ली।

तलाशी के दौरान हेमन्त कुमार देवांगन के कब्जे से 160 नग, अमन सिंह के पास से 50 नग तथा आशीष दास के कब्जे से 50 नग अल्प्राजोलम टैबलेट मिली। कुल 260 टैबलेट का वजन 33.800 ग्राम है। पुलिस के अनुसार इनकी अनुमानित कीमत 1 लाख 4 हजार रुपये है। आरोपितों से टैबलेट रखने और परिवहन के संबंध में वैध दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वे कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके।

कार और चार मोबाइल भी जब्त

पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से सफेद रंग की कार क्रमांक CG 04 H 4345 जब्त की है, जिसकी अनुमानित कीमत 70 हजार रुपये बताई गई है। इसके अलावा चार मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत 50 हजार रुपये है। जब्त सामग्री की कुल अनुमानित कीमत करीब 2.24 लाख रुपये बताई गई है।

एनडीपीएस एक्ट में कार्रवाई

मामले में भिलाईनगर थाना पुलिस ने अपराध क्रमांक 540/2026 दर्ज कर धारा 22(ख) एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की। तीनों आरोपितों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस के मुताबिक आरोपितों द्वारा नशीली अल्प्राजोलम टैबलेट अपने कब्जे में रखकर अवैध रूप से परिवहन अथवा बिक्री किए जाने के संबंध में जांच की जा रही है। बरामद सामग्री और अन्य तथ्यों के आधार पर प्रकरण की विवेचना जारी है।

ये हैं गिरफ्तार आरोपित

हेमन्त कुमार देवांगन (31), निवासी पाटनकर कॉलोनी, गुरुद्वारा रोड, थाना मोहननगर, जिला दुर्ग।

आशीष दास (26), निवासी एलआईजी-285, हुडको, थाना भिलाईनगर, जिला दुर्ग।

अमन सिंह (22), निवासी मकान नंबर 81/I, परिजात तालपुरी, थाना भिलाईनगर, जिला दुर्ग।

पुलिस टीम की रही महत्वपूर्ण भूमिका

कार्रवाई पउनि विजेन्द्र चन्द्राकर के नेतृत्व में थाना भिलाईनगर पुलिस टीम ने की। पुलिस ने बताया कि नशीली दवाओं और अन्य मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि नशीली दवाओं अथवा मादक पदार्थों के अवैध कारोबार की जानकारी तत्काल पुलिस को दें, ताकि संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जा सके।

Link : https://shricgnewscreator.com/260-alprazolam-tablets-found-in-car-at-hudco-three-arrested/

Share This Article