भिलाई रेलवे स्टेशन पर यात्री सुविधाओं के विस्तार को लेकर संवाद, एक्सप्रेस ट्रेनों के स्टापेज सहित कई मांगों पर हुई चर्चा

Editor
By Editor 4 Min Read

गोदिया-बरौनी एक्सप्रेस के भविष्य में स्टापेज पर बनी सहमति, भिलाई-अहिवारा लोकल ट्रेन चलाने की मांग पर रेल अधिकारियों ने जताई सहमति

भिलाई, भिलाई रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की सुविधाओं के विस्तार और लंबित मांगों को लेकर अमृत संवाद योजना के तहत आम नागरिकों और रेलवे अधिकारियों के बीच चर्चा हुई। इस दौरान स्टेशन पर एक्सप्रेस ट्रेनों के स्टापेज, लोकल ट्रेन सेवा, फुट ओवरब्रिज सहित अन्य यात्री सुविधाओं से जुड़ी मांगों को रेलवे अधिकारियों के समक्ष रखा गया।

अमृत संवाद के दौरान एसीएम रेलवे राजेश कुमार शाह, सीआई रेलवे जीतेन्द्र प्रसाद, भिलाई रेलवे स्टेशन प्रबंधक संजीव कुमार सहित रेलवे के अन्य कर्मचारी मौजूद रहे। नागरिकों और जनप्रतिनिधियों ने भिलाई रेलवे स्टेशन को क्षेत्र की बढ़ती यात्री जरूरतों के अनुरूप विकसित करने तथा यात्रियों को अधिक सुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया।

गोदिया-बरौनी एक्सप्रेस के स्टापेज की मांग

बैठक में भिलाई रेलवे स्टेशन पर एक्सप्रेस ट्रेनों के स्टापेज को लेकर रेलवे अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा गया। विशेष रूप से गोंदिया-बरौनी एक्सप्रेस ट्रेन क्रमांक 15231/15232 के भिलाई स्टेशन पर स्टापेज की मांग रखी गई। इस पर चर्चा के बाद भविष्य में उक्त ट्रेन का स्टापेज दिए जाने को लेकर सहमति बनने की बात कही गई।

भिलाई से अहिवारा तक लोकल ट्रेन की मांग

क्षेत्र के यात्रियों की सुविधा को देखते हुए भिलाई से अहिवारा तक लोकल ट्रेन चलाने की मांग भी रखी गई। नागरिकों ने बताया कि भिलाई, चरोदा और आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग आवागमन करते हैं। ऐसे में भिलाई से अहिवारा के बीच लोकल ट्रेन सेवा शुरू होने से यात्रियों को सुविधा मिल सकती है। इस मांग पर भी रेल अधिकारियों ने सहमति जताई।

पूरेना बस्ती के लिए फुट ओवरब्रिज की मांग

पूरेना बस्ती के नागरिकों की ओर से अमृत भारत स्टेशन योजना के दूसरे चरण में फुट ओवरब्रिज निर्माण की मांग रखी गई। नागरिकों ने बताया कि रेलवे स्टेशन और आसपास के क्षेत्र में आवाजाही के लिए सुरक्षित पैदल मार्ग की आवश्यकता है। इस मांग पर दूसरे फेस में फुट ओवरब्रिज बनाए जाने के लिए सहमति बनने की जानकारी दी गई।

चरोदा में लोकल ट्रेनों के संचालन का मुद्दा उठा

चरोदा क्षेत्र से भी लोकल ट्रेनों के संचालन को लेकर मांग रखी गई। दिलीप साहू ने ज्ञापन सौंपकर चरोदा में लोकल ट्रेनों को एक तरफ से चलाए जाने की व्यवस्था किए जाने की मांग की। उन्होंने यात्रियों की सुविधा और स्थानीय आवागमन को देखते हुए इस दिशा में आवश्यक पहल करने की मांग की।

बैठक के दौरान भिलाई रेलवे स्टेशन से जुड़ी अन्य समस्याओं और यात्री सुविधाओं से संबंधित मुद्दों पर भी अधिकारियों का ध्यान आकर्षित कराया गया। नागरिकों ने स्टेशन पर यात्रियों की आवश्यकताओं के अनुरूप सुविधाओं के विस्तार और लंबित मांगों के निराकरण की अपेक्षा जताई।

रेल समिति सहित नागरिक रहे मौजूद

अमृत संवाद में रेल समिति के अध्यक्ष अब्दुल सत्तार, पुरैना स्टोरपारा पार्षद पार्वती महानन्द, राजू सिन्हा, चरोदा पार्षद पति सुब्रत दास गुप्ता, लवकुश सोनी, मोहित सोनी, दिलीप साहू, पार्थो महानन्द, प्रकाश राव, श्रवण शर्मा, एम. रघुनाथ सहित बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे। संवाद के दौरान नागरिकों ने रेलवे अधिकारियों के समक्ष क्षेत्र की विभिन्न समस्याएं और मांगें रखीं तथा उनके निराकरण की दिशा में आवश्यक कार्रवाई की अपेक्षा जताई।

Link : https://shricgnewscreator.com/dialogue-held-regarding-the-expansion-of-passenger-amenities-at-bhilai-railway-station-several-demands-including-stoppages-for-express-trains-were-discussed/

Share This Article