नव युवा चेतना मंच का 20 वां गणेशोत्सव आयोजन
भिलाई, चरोदा रेलवे कॉलोनी के जोन 2 में इस बार गणेशोत्सव पर्व बेहद भव्य और खास होने जा रहा है। नव युवा चेतना मंच द्वारा आयोजित किए जा रहे गणेशोत्सव के 20 वें वर्ष के उपलक्ष्य में इस बार 120 फीट चौड़ाई और 90 फीट ऊंचाई वाले भव्य ‘ताजो महल’ का प्रतिरूप पंडाल बनाया जा रहा है। इस विशाल पंडाल के भीतर भगवान गणेश की 17 फीट ऊंची मनमोहक प्रतिमा स्थापित की जाएगी, जिसके साथ रिद्धि-सिद्धि और शुभ-लाभ की प्रतिमाएं भी विराजमान होंगी।
पंडाल के प्रतिरूप को ताज महल की जगह ‘ताजो महल’ नाम दिए जाने पर उठे प्रश्न का निवारण करते हुए आयोजन समिति के कोषाध्यक्ष सनातन कुमार ने बताया कि ताज महल का वास्तविक नाम ताजो महल ही है। उन्होंने कहा कि पुरातनकाल से ‘महल’ शब्द का प्रयोग केवल हिन्दू धर्मावलंबियों द्वारा किया जाता रहा है। ताज महल के भीतर शिव मंदिर के प्रमाण मिले हैं, साथ ही गुंबद के ऊपर स्थित कलश और अंदरूनी हिस्से में बने आम के पत्तों का तोरण इस दावे को मजबूत आधार प्रदान करता है। इसी कारण पंडाल का नाम ताजो महल रखा गया है।
आयोजन समिति के संरक्षक व पार्षद चन्द्र प्रकाश पाण्डेय और अध्यक्ष जय प्रकाश पाण्डेय ने बताया कि यहां गणेशोत्सव की भव्यता देखते ही बनती है। पूर्व के वर्षों में भी समिति द्वारा सेन्ट्रल विस्टा, अयोध्या का राम मंदिर, वृंदावन का प्रेम मंदिर और म्यांमार का बुद्ध मंदिर जैसे भव्य पंडालों का निर्माण किया जा चुका है। उन्होंने बताया कि शिव भक्ति और मनोरंजन का अनूठा संगम इस बार देखने को मिलेगा। पंडाल का अंदरूनी क्षेत्र भगवान भोलेनाथ की आकर्षक तस्वीरों से सुसज्जित किया जाएगा। इसके अलावा, पंडाल के बाहर दर्शनार्थियों और बच्चों के आनंद के लिए मीना बाजार तथा तरह-तरह के झूलों का प्रबंध किया गया है, जो इस गणेशोत्सव को और भी स्मरणीय बनाएगा।
Link : https://shricgnewscreator.com/a-17-foot-tall-idol-of-ganpati-bappa-will-be-installed-in-a-magnificent-90-foot-high-taj-mahal-themed-pandal-in-zone-2-charoda/













