मॉडिफाइड साइलेंसर से पटाखे जैसी आवाज निकालने वाले वाहन पर यातायात पुलिस की कार्रवाई

Editor
By Editor 3 Min Read

बिना नंबर प्लेट के दौड़ रहा था वाहन, पुलिस को देखकर चालक वाहन छोड़कर फरार

भिलाई, आम नागरिक की शिकायत पर यातायात पुलिस दुर्ग ने तेज एवं कर्कश आवाज करने वाले मॉडिफाइड साइलेंसर लगे वाहन के खिलाफ कार्रवाई की है। वाहन में नंबर प्लेट भी नहीं लगी थी। चालक वाहन को तेज गति से चलाते हुए पटाखे जैसी तेज आवाज निकाल रहा था, जिससे आसपास के लोगों को परेशानी हो रही थी। पुलिस कार्रवाई के दौरान चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।

जानकारी के अनुसार, 11 सितंबर को नेहरू नगर निवासी एक नागरिक ने यातायात पुलिस से शिकायत की कि क्षेत्र में एक वाहन तेज गति से चलाया जा रहा है। वाहन में मॉडिफाइड साइलेंसर लगा होने के कारण उससे अत्यधिक तेज एवं कर्कश आवाज निकल रही है। आवाज पटाखे फूटने जैसी होने से आसपास के लोगों को परेशानी हो रही थी। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए यातायात पुलिस ने वाहन की तलाश शुरू की।

यातायात पुलिस के एएसआई प्रवीण सिंह ने कार्रवाई करते हुए वाहन को शासकीय स्कूल कोसानाला के पास पकड़ लिया। पुलिस के पहुंचते ही वाहन चालक मौके पर वाहन छोड़कर फरार हो गया। जांच के दौरान वाहन में वैध नंबर प्लेट नहीं लगी मिली। साथ ही वाहन में मॉडिफाइड साइलेंसर का उपयोग किया जाना भी पाया गया।

यातायात पुलिस ने वाहन को आगे की वैधानिक कार्रवाई के लिए सुपेला थाना के सुपुर्द कर दिया है। पुलिस द्वारा वाहन चालक की जानकारी जुटाने और नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है।

कंपनी के निर्धारित साइलेंसर का करें उपयोग

यातायात पुलिस दुर्ग ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे अपने वाहनों में कंपनी द्वारा निर्धारित साइलेंसर का ही इस्तेमाल करें। मॉडिफाइड साइलेंसर लगाकर तेज और कर्कश आवाज करने वाले वाहनों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने वाहन चालकों से वाहनों में अनिवार्य रूप से वैध नंबर प्लेट लगाने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील भी की है।

यातायात पुलिस का कहना है कि सड़क सुरक्षा के साथ-साथ आम नागरिकों को होने वाली असुविधा को ध्यान में रखते हुए तेज आवाज करने वाले और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

Link : https://shricgnewscreator.com/traffic-police-take-action-against-a-vehicle-producing-firecracker-like-sounds-due-to-a-modified-silencer/

Share This Article