युवा मोर्चा पार्टी की रीढ़, संगठन को मजबूत करने में निभाए सक्रिय भूमिका : गौरीशंकर

Editor
By Editor 2 Min Read

भाजयुमो चरोदा मंडल की परिचयात्मक बैठक में कार्यकर्ताओं ने लिया निगम चुनाव में सक्रिय भागीदारी का संकल्प

भिलाई, भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा चरोदा मंडल की परिचयात्मक बैठक होटल आनंद सागर में आयोजित की गई। बैठक में नव नियुक्त चरोदा मंडल अध्यक्ष ए. गौरीशंकर का युवा मोर्चा पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने अभिनंदन करते हुए आभार व्यक्त किया। इस दौरान संगठन को मजबूत बनाने, युवाओं की सक्रिय भागीदारी बढ़ाने और आगामी निगम चुनाव की तैयारियों को लेकर चर्चा की गई।

बैठक को संबोधित करते हुए मंडल अध्यक्ष ए. गौरीशंकर ने कहा कि युवा मोर्चा भाजपा संगठन की रीढ़ है। युवा ही पार्टी का वर्तमान होने के साथ-साथ भविष्य का नेतृत्व तैयार करने की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन की विचारधारा और नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने के साथ ही पार्टी के कार्यक्रमों में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि संगठन में अनुशासन और वरिष्ठजनों का सम्मान सर्वोपरि है। सभी कार्यकर्ताओं को पार्टी के वरिष्ठ नेताओं का सम्मान करते हुए संगठन की मर्यादा और अनुशासन बनाए रखना चाहिए। उन्होंने युवा मोर्चा के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से आपसी समन्वय के साथ संगठन को मजबूत करने की बात कही।

बैठक में युवा मोर्चा के गठन और आगामी गतिविधियों को लेकर पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने अपने-अपने विचार रखे। साथ ही आगामी नगर निगम चुनाव में भारतीय जनता युवा मोर्चा की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने को लेकर रणनीति पर चर्चा हुई। कार्यकर्ताओं ने अपने-अपने वार्डों में संगठन को मजबूत करने तथा भाजपा के महापौर प्रत्याशी एवं पार्षद प्रत्याशियों को भारी बहुमत से विजयी बनाने के लिए पूरी सक्रियता से कार्य करने का संकल्प लिया।

इस अवसर पर निगम उपनेता प्रतिपक्ष चंद्रप्रकाश पांडे, महामंत्री राजेश मौर्य, पूर्णिमा ठाकुर, मंडल उपाध्यक्ष परमजीत सिंह, युवा मोर्चा जिला उपाध्यक्ष हेमराज साहू, युवा मोर्चा जिला पदाधिकारी रोहित चौधरी, चरोदा मंडल अध्यक्ष मनोज चक्रधारी, महामंत्री आशीष बोरकर, होरीलाल वर्मा सहित बड़ी संख्या में युवा मोर्चा के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Link : https://shricgnewscreator.com/yuva-morcha-is-the-backbone-of-the-party-play-an-active-role-in-strengthening-the-organization-gaurishankar/

Share This Article