रिकॉर्ड जांच और ऑनलाइन रिपोर्टिंग में 83 प्रतिशत वृद्धि, टीम की मेहनत और ईमानदारी को मिला सम्मान
भिलाई, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भिलाई-3 ने लैब जांच गुणवत्ता के क्षेत्र में एक बार फिर उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करते हुए प्रदेश स्तर पर तृतीय स्थान प्राप्त किया है। विशेष बात यह है कि विगत वर्ष भी केंद्र को प्रदेश में तीसरा स्थान मिला था। इस वर्ष मरीजों की विभिन्न लैबोरेटरी जांचों में रिकॉर्ड बढ़ोतरी दर्ज की गई तथा जांच रिपोर्ट उपलब्ध कराने में 83 प्रतिशत की वृद्धि हुई है।
इस उपलब्धि पर बीईटीओ एवं स्वास्थ्य सुपरवाइजर सैय्यद असलम ने लैब टेक्नीशियन आलिया खातून, लैब असिस्टेंट, जीवन दीप समिति की कर्मचारी साधना एवं पूरी टीम को बधाई देते हुए इसका श्रेय उनकी मेहनत, ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठ कार्यशैली को दिया। उन्होंने कहा कि ईमानदार और समर्पित कर्मचारी किसी भी संस्था की सबसे बड़ी ताकत होते हैं। हमारी लैब टेक्नीशियन आलिया खातून कार्य के प्रति सजगता और जिम्मेदारी की मिसाल हैं, जिनकी मेहनत से संस्था गौरवान्वित महसूस कर रही है।
चिकित्सा अधिकारी डॉ. शिखर अग्रवाल ने बताया कि प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र स्तर पर मरीजों के लिए आवश्यक सभी प्रकार की लैब जांचें नियमित रूप से कराई जा रही हैं। इसके लिए आवश्यक उपकरण, रीजेंट तथा सैंपल लैब सामग्री की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जाती है। उन्होंने कहा कि लैब टेक्नीशियन आलिया खातून और उनकी टीम पूरी लगन एवं ईमानदारी के साथ ऑनलाइन रिपोर्टिंग का कार्य भी समय पर कर रही है, जिससे मरीजों को त्वरित सुविधा मिल रही है।
लैब टेक्नीशियन आलिया खातून ने इस उपलब्धि पर खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. भुवनेश्वर कुमार कठौतिया, सेक्टर मेडिकल ऑफिसर डॉ. शिखर अग्रवाल तथा स्वास्थ्य विभाग के सभी सहयोगियों के मार्गदर्शन और सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि पूरी टीम के सामूहिक प्रयास और बेहतर समन्वय से यह सफलता संभव हो सकी है।




