श्री महाकौशल संघ के दुर्ग शिविर में कैंसर जागरूकता पर डॉ. स्नेहा जैन का प्रेरक संबोधन

Editor
By Editor 2 Min Read

मित्तल हॉस्पिटल भिलाई की प्रमुख चिकित्सक ने बच्चों और महिलाओं को स्वास्थ्य, संक्रमण व माइक्रो प्लास्टिक के दुष्प्रभावों के प्रति किया जागरूक

दुर्ग, श्री महाकौशल संघ द्वारा आयोजित शिविर में मित्तल हॉस्पिटल भिलाई की प्रमुख चिकित्सक डॉ. स्नेहा जैन मुख्य वक्ता के रूप में शामिल हुईं। शिविर में उनके आगमन पर समाज के पदाधिकारियों एवं उपस्थित सदस्यों द्वारा आत्मीय स्वागत किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में बालिकाओं एवं महिलाओं की उपस्थिति रही।

अपने संबोधन में डॉ. स्नेहा जैन ने स्वास्थ्य जागरूकता पर विस्तार से जानकारी देते हुए बताया कि शरीर में होने वाले छोटे-छोटे संक्रमणों को यदि समय रहते गंभीरता से नहीं लिया जाए, तो वे आगे चलकर कैंसर जैसी गंभीर बीमारी का रूप ले सकते हैं। उन्होंने नियमित स्वास्थ्य जांच, स्वच्छ खानपान, संतुलित जीवनशैली और शुरुआती लक्षणों की पहचान को कैंसर से बचाव का महत्वपूर्ण उपाय बताया।

डॉ. जैन ने दैनिक जीवन में उपयोग होने वाले डिस्पोजल गिलास, कप और प्लेटों से होने वाले नुकसान पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि इन सामग्रियों से निकलने वाले माइक्रो प्लास्टिक धीरे-धीरे मानव शरीर में प्रवेश कर स्वास्थ्य को प्रभावित करते हैं। साथ ही इनके अवशेष पर्यावरण को भी प्रदूषित करते हैं, जिससे भविष्य में गंभीर पर्यावरणीय चुनौतियां उत्पन्न हो सकती हैं।

शिविर में उपस्थित बच्चों ने कैंसर और स्वास्थ्य से जुड़े कई प्रश्न पूछे, जिनका उत्तर डॉ. स्नेहा जैन ने अत्यंत सरल और सहज भाषा में दिया। उनके संवादात्मक संबोधन से बच्चों एवं महिलाओं में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ी।

कार्यक्रम के अंत में श्री महाकौशल संघ की ओर से डॉ. स्नेहा जैन को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया तथा आभार प्रदर्शन किया गया।

शिविर में 111 बालिकाओं के अलावा नीता, तारा, पूजा सहित समाज की अनेक वरिष्ठ महिलाएं उपस्थित रहीं। कार्यक्रम का संचालन भाई सुमीत जैन ने किया। वहीं व्यवस्थापक के रूप में मनीष दुग्गड, मनोज गोलछा, हुकुमचंद मुनोत एवं मिनेश जैन सहित समाज के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

Share This Article