पद्मश्री फुलबासन बाई यादव के अपहरण का प्रयास नाकाम पुलिस की सजगता से टला बड़ी घटना

Editor
By Editor 2 Min Read

रायपुर, पद्मश्री से सम्मानित एवं राजनांदगांव निवासी फुलबासन बाई यादव के अपहरण का प्रयास मंगलवार को पुलिस की सतर्कता से विफल हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस ने दो महिलाओं सहित तीन आरोपियों को हिरासत में लेकर सुकुल दैहान पुलिस चौकी में पूछताछ शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 10 बजे बेमेतरा से आई खुशबू साहू अपने दो साथियों के साथ फुलबासन बाई यादव के घर पहुंची। जरूरी चर्चा का हवाला देकर उन्हें बाहर बुलाया गया और कार में बैठा लिया गया। कार आगे बढ़ते ही आरोपियों ने उनके हाथ बांध दिए और मुंह पर गमछा बांध दिया।

इसी दौरान खैरागढ़ मार्ग पर चिखली पुलिस चौकी के पास नियमित जांच कर रही पुलिस टीम ने वाहन को रोका। कार के भीतर संदिग्ध स्थिति देखकर पुलिस को शक हुआ। आरोपियों ने फुलबासन बाई को मिर्गी का मरीज बताकर गुमराह करने की कोशिश की, लेकिन एक पुलिसकर्मी ने उन्हें पहचान लिया। इसके बाद तत्काल कार्रवाई करते हुए सभी को चौकी ले जाया गया।

वीडियो

घटना सुकुल दैहान क्षेत्र से जुड़ी होने के कारण आरोपियों को वहां की पुलिस के हवाले कर दिया गया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मुख्य आरोपी खुशबू साहू स्वयं सहायता समूह से जुड़ी है और पिछले कुछ महीनों से फुलबासन बाई के संपर्क में थी। बेमेतरा क्षेत्र में समूहों के नाम पर अवैध वसूली की भी जानकारी मिली है।
अपहरण के पीछे की वास्तविक मंशा का खुलासा पूछताछ के बाद ही हो सकेगा। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और वरिष्ठ अधिकारियों को इसकी सूचना दे दी गई है।

Share This Article