भिलाई, नगर निगम भिलाई चरोदा क्षेत्र में सुशासन तिहार के अंतर्गत नागरिकों की समस्याओं के त्वरित निराकरण के लिए जनसमस्या निवारण शिविरों का आयोजन पांच मई से शुरू हो गया। 40 वार्डों के लिए चार अलग-अलग स्थानों पर शिविर लगाए जाने हैं। पहला शिविर पांच मई को भिलाई-चरोदा नगर निगम क्षेत्र स्थित सामुदायिक भवन उमदा में लगा।

शिविर का निरीक्षण करने कलेक्टर अभिजीत सिंह भी पहुंचे। उन्होंने आवेदन देने पहुंचे लोगों से चर्चा की। विभिन्न विभागों के स्टाल पर पहुंचे और जानकारियां ली अधिकारियों व जनप्रतिनिधियों से भी चर्चा की।
आज शिविर में वार्ड क्रमांक-1 से 6 तक के नागरिक अपनी समस्याओं से संबंधित आवेदन प्रस्तुत करने पहुंचे। बड़ी संख्या में प्रधानमंत्री आवास के आवेदन मिले हैं। नाली निर्माण की मांग, सफाई को लेकर शिकायतें आई हैं। इन सभी पर संज्ञान लेकर कार्य कराया जाएगा इसके अलावा यहां पर राजस्व संबंधी दिक्कतें भी आई, उसकी मौके पर निराकरण किया गया है। निगम महापौर निर्मल कोसरे ने शिविर का निरीक्षण किया और लोगों से चर्चा की ।लर्निंग लाइसेंस परिवहन विभाग द्वारा बनाया जा रहा है, वहीं महतारी वंदन की ई केवाईसी भी कराई जा रही है। पेंशन को लेकर भी शिकायतें आई हैं।


उल्लेखनीय दूसरा शिविर 11 मई को मंगल भवन, भिलाई-3 में लगाया जाएगा। इसमें वार्ड क्रमांक-7 से 17 तक के रहवासी अपनी समस्याओं के निराकरण के आवेदन दे सकेंगे। तीसरा शिविर 20 मई को सामुदायिक भवन, चरौदा में आयोजित होगा, जहां वार्ड क्रमांक 18 से 29 तक के नागरिक शामिल हो सकेंगे। चौथा और अंतिम शिविर 28 मई को सामुदायिक भवन, सोमनी में आयोजित किया जाएगा, जिसमें वार्ड क्रमांक 30 से 40 तक के रहवासी अपनी समस्याएं दर्ज करा सकेंगे। शिविर सुबह नौ से शाम चार बजे तक संचालित होंगे।




