भिलाई-3 चरोदा के उम्दा वार्ड में सुशासन तिहार: स्वास्थ्य शिविर का कलेक्टर अभिजीत सिंह ने किया निरीक्षण

Editor
By Editor 3 Min Read

आभा आईडी बनाने पर जोर, एचपीवी वैक्सीन और एनसीडी स्क्रीनिंग के लिए लोगों को किया जागरूक


भिलाई, भिलाई- चरोदा नगर निगम क्षेत्र के उम्दा वार्ड में आयोजित सुशासन तिहार के अंतर्गत लगाए गए स्वास्थ्य शिविर का दुर्ग कलेक्टर अभिजीत सिंह ने निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्वास्थ्य विभाग द्वारा संचालित विभिन्न सेवाओं की जानकारी ली और शिविर में पहुंचे नागरिकों से संवाद किया।

स्वास्थ्य विभाग के बीईटीओ सैय्यद असलम ने बताया कि शिविर में कलेक्टर ने विशेष रूप से आभा (ABHA) आईडी निर्माण की प्रक्रिया के बारे में जानकारी ली। शिविर में कुल 23 लोगों की आभा आईडी बनाई गई। कलेक्टर ने अपने सामने ही एक हितग्राही की आभा आईडी बनवाकर इसकी उपयोगिता को समझाया। उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि प्रत्येक नागरिक को आभा आईडी बनवानी चाहिए, क्योंकि इसमें व्यक्ति के स्वास्थ्य से जुड़ी पूरी जानकारी सुरक्षित रहती है, जिससे किसी भी स्वास्थ्य केंद्र में इलाज के दौरान चिकित्सकों को पूर्व स्वास्थ्य स्थिति जानने में मदद मिलती है।

शिविर में कुल 34 लोगों की स्वास्थ्य जांच की गई, जिसमें 7 गर्भवती महिलाओं की जांच शामिल रही। एक हितग्राही को निश्चय पोषण आहार किट भी वितरित किया गया। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि एनसीडी (नॉन कम्युनिकेबल डिजीज) कार्यक्रम के तहत बीपी और शुगर की स्क्रीनिंग कर उसे पोर्टल में अनिवार्य रूप से दर्ज किया जाए।

स्वास्थ्य शिविर के दौरान 34 लोगों की ओरल कैंसर स्क्रीनिंग, 32 लोगों का बीपी परीक्षण तथा 7 महिलाओं की ब्रेस्ट कैंसर जांच की गई। साथ ही एक नए बीपी और एक नए शुगर मरीज की पहचान कर सत्यापन किया गया।

शिविर में उपस्थित अभिभावकों को 14 वर्ष से अधिक आयु की बालिकाओं को एचपीवी वैक्सीन लगवाने के लिए प्रेरित किया गया। अधिकारियों ने बताया कि एचपीवी वैक्सीन सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है, जो भिलाई-3 और चरोदा के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में प्रतिदिन निःशुल्क उपलब्ध है।

निरीक्षण के दौरान नगर निगम चरोदा के आयुक्त डीएस राजपूत, एसडीएम महेश सिंह राजपूत, चिकित्सक डॉ. ज्योति देवांगन, एलएचवी  आर. विश्वास, सीपीएम विवेक मिंज, सीएचओ मंजूषा, फार्मासिस्ट गीतांजलि, एमपीडब्ल्यू नारायण साहू, आरएचओ चंद्रसेन, नेतराम साहू, पारुल देशमुख, राहुल यादव एवं हिमांशु सूर्यवंशी सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

Share This Article