कांकेर में डी-माइनिंग के दौरान IED विस्फोट, 4 जवान शहीद

Editor
By Editor 1 Min Read

रायपुर, कांकेर जिले के छोटेबेठिया थाना क्षेत्र में आज एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जब डी-माइनिंग और एरिया डॉमिनेशन अभियान के दौरान आईईडी (इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस) में आकस्मिक विस्फोट हो गया। इस घटना में कांकेर डीआरजी (District Reserve Guard) के चार जवान शहीद हो गए।

पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा के अनुसार, पुलिस टीम छोटेबेठिया और नारायणपुर सीमा क्षेत्र में सर्च ऑपरेशन पर निकली थी। इसी दौरान डी-माइनिंग अभियान करते समय आईईडी विस्फोट की चपेट में आने से चार जवान घायल हो गए थे।

घायलों में से इंस्पेक्टर सुखराम वट्टी, कॉन्स्टेबल कृष्णा कोमरा और बस्तर फाइटर कॉन्स्टेबल संजय गढ़पाले ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल बस्तर फाइटर कॉन्स्टेबल परमानंद कोर्राम को इलाज के लिए रायपुर ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उनका निधन हो गया।

बस्तर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक सुंदरराज पट्टिलिंगम ने बताया कि हाल के महीनों में आत्मसमर्पित माओवादी कैडरों से मिली जानकारी के आधार पर सैकड़ों आईईडी बरामद कर निष्क्रिय किए गए हैं। इसके बावजूद यह घटना तब हुई जब टीम एक आईईडी को निष्क्रिय कर रही थी और वह अचानक विस्फोटित हो गया।

Share This Article