तीन बार आवेदन के बाद भी कार्रवाई नहीं; नगर निगम का प्रस्ताव लंबित, आंदोलन और कोर्ट जाने की चेतावनी
भिलाई, खुर्सीपार स्थित पं. दीनदयाल उपाध्याय खेल परिसर में संचालित शराब दुकान को हटाने का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। वार्ड क्रमांक 47 के पार्षद एवं जोन अध्यक्ष भूपेंद्र यादव इस मुद्दे को लेकर लगातार विरोध दर्ज करा रहे हैं। गुरुवार को एक बार फिर वे जिला मुख्यालय पहुंचे और कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर शीघ्र कार्रवाई की मांग की।
बताया गया कि खुर्सीपार खेल परिसर में शराब दुकान खुलने के बाद से स्थानीय नागरिकों, खिलाड़ियों और जनप्रतिनिधियों में नाराजगी बनी हुई है। इसे लेकर पूर्व में भी कई बार प्रशासन को अवगत कराया जा चुका है। नगर निगम की सामान्य सभा में 25 दिसंबर 2025 को सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित कर दुकान को अन्यत्र शिफ्ट करने की अनुशंसा की गई थी। इसके बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो सकी है।
पार्षद भूपेंद्र यादव ने बताया कि इस संबंध में 11 मार्च, 1 अप्रैल और 7 अप्रैल को भी कलेक्टर को आवेदन दिया गया था, लेकिन स्थिति जस की तस बनी हुई है। उनका आरोप है कि खेल परिसर में शराब दुकान होने से न केवल खेल गतिविधियां प्रभावित हो रही हैं, बल्कि क्षेत्र का माहौल भी बिगड़ रहा है। युवाओं पर इसका नकारात्मक असर पड़ रहा है और नशाखोरी के साथ अपराध की आशंका भी बढ़ रही है।

उन्होंने प्रशासन को चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही शराब दुकान को हटाने की कार्रवाई नहीं की गई, तो जनआंदोलन किया जाएगा। साथ ही, न्याय नहीं मिलने पर मामले को न्यायालय तक ले जाने की बात भी कही है।
इधर, स्थानीय लोगों ने भी प्रशासन से खेल परिसर को नशामुक्त क्षेत्र घोषित करने और खिलाड़ियों के लिए सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित करने की मांग की है।


