पाटन क्षेत्र के दो उपकेंद्रों में अतिरिक्त पॉवर ट्रांसफार्मर ऊर्जीकृत, हजारों उपभोक्ताओं को मिलेगा लाभ

Editor
By Editor 2 Min Read

दुर्ग, छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड, दुर्ग क्षेत्र के विद्युत अधोसंरचना को मजबूती प्रदान करते हुए पाटन विद्युत संभाग के अंतर्गत दो महत्वपूर्ण स्थानों पर नए पावर ट्रांसफार्मर सफलतापूर्वक चार्ज किए गए। पाटन वितरण केंद्र के 33/11 केवी उपकेंद्र फुंडा और जामगांव (टी) वितरण केंद्र के 33/11 केवी उपकेंद्र घुघवा में 3.15 एमवीए क्षमता के अतिरिक्त पावर ट्रांसफार्मर स्थापित किए गए। इन दोनों उपकेंद्रों में पहले से ही 3.15 एमवीए के ट्रांसफार्मर स्थापित थे, जिनमें अब अतिरिक्त क्षमता विस्तार किया गया है। उक्त दोनों उपकेंद्रों में स्थापित हुए अतिरिक्त पावर ट्रांसफार्मर को कार्यपालक निदेशक (दुर्ग क्षेत्र) संजय खंडेलवाल द्वारा ऊर्जीकृत किया गया, जिससे दोनों उपकेंद्रों की क्षमता बढ़कर 6.30 एमवीए हो गई है।

लगभग 53 लाख रुपये की लागत से पूर्ण हुई इस परियोजना का सीधा लाभ क्षेत्र के हजारों उपभोक्ताओं को मिलेगा। इस विस्तार से पाटन वितरण केंद्र के ग्राम फुंडा, पुनाइदिह, अरसनारा, देवादा, सातरा सहित जामगांव (टी) वितरण केंद्र के घुघवा, करसा, बेंद्र, राखी, रवेली, अमेरी, गभरा, और छोटे व बड़े औरी जैसे क्षेत्रों की विद्युत व्यवस्था सुदृढ़ होगी। इससे न केवल 3488 घरेलू और 993 कृषि उपभोक्ताओं को ओवरलोडिंग की समस्या से मुक्ति मिलेगी, बल्कि उन्हें भविष्य में समुचित वोल्टेज और निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जा सकेगी।

इस महत्वपूर्ण तकनीकी कार्य के दौरान विद्युत विभाग के वरिष्ठ अधिकारी एवं तकनीकी टीम मुख्य रूप से उपस्थित रही। ट्रांसफार्मर को ऊर्जीकृत करने की प्रक्रिया अधीक्षण अभियंता (दुर्ग वृत्त) आर.के. मिश्रा, कार्यपालन अभियंता बी.पी. दीपक, धर्मेन्द्र भारती एवं एस.के. राय की उपस्थिति में संपन्न हुई। सहायक अभियंता दुजेंद्र गजपाल, कमलेश साहू, डी.के. साहू एवं अन्य तकनीकी स्टाफ ने इस कार्य को सफलतापूर्वक पूर्ण करने में सक्रिय योगदान दिया।

Share This Article