कोहका के आर्य नगर में 25 जुलाई को हुई थी वारदात, इलाज के दौरान अस्पताल में तोड़ा दम; हत्या की धारा में दर्ज हुआ मामला
भिलाई, स्मृति नगर चौकी क्षेत्र के कोहका स्थित आर्य नगर पानी टंकी के पास आपसी विवाद में गंभीर रूप से घायल युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के चार दिन बाद युवक ने अस्पताल में दम तोड़ दिया। पुलिस ने फरार आरोपी को मध्य प्रदेश के जबलपुर से गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार मृतक कुमार सोनवानी (35) मूल निवासी बागबाहरा (महासमुंद) था और वर्तमान में कोहका की हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में किराये के मकान में रहता था। 25 जुलाई की शाम आर्य नगर पानी टंकी के पास उसका श्रेयांश राजमन उर्फ बाबू भाई से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर आरोपी ने पहले मारपीट की और फिर गाड़ी का टायर खोलने वाले पेचकस से कुमार के गले पर वार कर दिया।
गंभीर रूप से घायल कुमार सोनवानी को तत्काल श्री शंकराचार्य मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान 29 जुलाई की रात करीब 8 बजे उसकी मौत हो गई।
युवक की मौत के बाद स्मृति नगर चौकी पुलिस ने मामले में हत्या की धारा 103 बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर लिया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए फरार आरोपी श्रेयांश राजमन उर्फ बाबू भाई को मध्य प्रदेश के जबलपुर से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को भिलाई लाकर न्यायालय में पेश करने सहित आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
Link : https://shricgnewscreator.com/youth-dies-four-days-after-being-attacked-on-the-neck-with-a-screwdriver-during-a-dispute-accused-arrested-from-jabalpur/








