भिलाई महिला महाविद्यालय बना नंबर-1, यूनिवर्सिटी से मिला बेस्ट कॉलेज अवॉर्ड

Editor
By Editor 3 Min Read

147 कॉलेजों में अव्वल; गुणवत्ता, शोध, नवाचार और महिला सशक्तिकरण के लिए मिला सम्मान

भिलाई, 24 अप्रैल 2026, सेक्टर-9 स्थित भिलाई महिला महाविद्यालय ने शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करते हुए नया कीर्तिमान स्थापित किया है। एजुकेशन ट्रस्ट द्वारा संचालित इस महाविद्यालय को हेमचंद यादव विश्वविद्यालय ने वर्ष 2026 के लिए प्रतिष्ठित “बेस्ट कॉलेज अवॉर्ड” से सम्मानित किया है। विश्वविद्यालय से संबद्ध 147 महाविद्यालयों के बीच कड़े मूल्यांकन के बाद भिलाई महिला महाविद्यालय को प्रथम स्थान मिलना संस्था की गुणवत्ता और निरंतर प्रगति का प्रमाण माना जा रहा है।

इस अवॉर्ड के लिए विश्वविद्यालय ने सभी महाविद्यालयों से पिछले पांच वर्षों की विस्तृत रिपोर्ट मांगी थी। इसमें आधारभूत संरचना, आधुनिक प्रयोगशालाएं, शोध एवं प्रकाशन, पुस्तकालय संसाधन, पेटेंट, पीएचडी शोधार्थियों की उपलब्धियां, छात्र-छात्राओं का प्रदर्शन, एनएसएस गतिविधियां, सह-पाठ्यक्रम कार्यक्रम, कौशल विकास योजनाएं और सामाजिक दायित्वों से जुड़े कार्यों का समग्र मूल्यांकन किया गया। विशेषज्ञ समिति ने सभी मानकों पर भिलाई महिला महाविद्यालय को श्रेष्ठ पाया।

यह सम्मान महाविद्यालय की उत्कृष्ट शैक्षणिक व्यवस्था, नवाचारपूर्ण शिक्षण पद्धति, शोध कार्यों में सक्रिय भागीदारी और महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में योगदान का प्रत्यक्ष परिणाम है। प्राचार्या  प्रतिभा छाया क्लॉडियस ने विश्वविद्यालय समारोह में यह पुरस्कार ग्रहण किया। सम्मान स्वरूप उन्हें प्रशस्ति-पत्र, मेडल और 25 हजार रुपये की नगद राशि प्रदान की गई।

समारोह में विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. संजय तिवारी, रजिस्ट्रार डॉ. भूपेंद्र कुलदीप, पूर्व कुलपति डॉ. अरुणा पल्टा तथा रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति डॉ. एस.के. गौतम सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

इस उपलब्धि पर महाविद्यालय परिसर में उत्साह का माहौल देखने को मिला। भिलाई एजुकेशन ट्रस्ट के मैनेजिंग ट्रस्टी विजय कुमार गुप्ता, चेयरमैन अरविंद जैन, ट्रस्टी वीनू जैन, मनीष गुप्ता, के. पटेल और सेक्रेटरी सुरेंद्र गुप्ता ने स्टाफ की मेहनत और समर्पण की सराहना करते हुए सभी को बधाई दी।

प्राचार्या प्रतिभा छाया क्लॉडियस ने इस सफलता का श्रेय प्राध्यापकों, कर्मचारियों, छात्राओं और अभिभावकों के सामूहिक प्रयास को दिया। उन्होंने कहा कि महाविद्यालय भविष्य में भी गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, अनुसंधान, कौशल विकास और महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में नए मानदंड स्थापित करता रहेगा।

अवार्ड लेकर लौटने पर महाविद्यालय में टीम का भव्य स्वागत किया गया। ढोल-नगाड़ों के साथ पारंपरिक तरीके से अभिनंदन करते हुए पुष्प-गुच्छ भेंट किए गए। स्वागत कार्यक्रम में आईक्यूएसी समन्वयक डॉ. भावना पांडेय, डॉ. माधुरी देवी, डॉ. रीना शुक्ला, डॉ. अर्चना शरण, डॉ. निधि मोनिका शर्मा सहित कॉलेज के सभी विभागाध्यक्ष और फैकल्टी सदस्य उपस्थित रहे।

Share This Article