एक भाई कोमा में, दूसरे का आईसीयू में इलाज; दो सगे भाइयों समेत चार आरोपी हिरासत में
भिलाई, भिलाई-3 थाना क्षेत्र के डबरा पारा दक्षिण में गुरुवार देर रात रास्ते में पिक-अप वाहन खड़े होने को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते हिंसक संघर्ष में बदल गया। लाठी-डंडे और लोहे की रॉड से हुए हमले में दो सगे भाई गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में नीलेश साहू की हालत अत्यंत गंभीर बताई जा रही है और वह कोमा में है, जबकि बड़े भाई तेज प्रकाश साहू का आईसीयू में उपचार चल रहा है। पुलिस ने मामले में दो सगे भाइयों समेत चार लोगों को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार घटना रात करीब 10:30 से 11 बजे के बीच हुई। तेज प्रकाश साहू अपनी पत्नी के साथ कार से अपने भाई नीलेश साहू और उनकी पत्नी को डबरा पारा स्थित घर छोड़ने पहुंचे थे। गली में पिक-अप वाहन खड़े होने से रास्ता अवरुद्ध था और बारिश के कारण सड़क पर पानी भरा हुआ था। वाहन हटाने को लेकर हुई कहासुनी के दौरान दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए।
प्राथमिक जांच में सामने आया है कि दोनों परिवारों के बीच पहले से भी विवाद चला आ रहा था। इसी बीच बहस बढ़ने पर लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से हमला कर दिया गया। हमले में नीलेश साहू के सिर पर गंभीर चोट आई, जबकि तेज प्रकाश साहू भी गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूचना मिलते ही भिलाई-3 थाना पुलिस और पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंची तथा दोनों घायलों को तत्काल श्री शंकराचार्य मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मोहन वर्मा, सोहन वर्मा, उनके पिता रामगोपाल वर्मा तथा भांजे राजा को हिरासत में लिया है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है और पुरानी रंजिश समेत पूरे घटनाक्रम की जांच के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
Link : https://shricgnewscreator.com/dispute-over-a-pathway-turns-violent-in-dabra-para-two-brothers-critically-injured-in-an-attack-with-sticks-and-iron-rods/








