खारुन नदी में डूबे युवक का शव एसडीआरएफ ने निकाला, अम्लेश्वर में चला रेस्क्यू ऑपरेशन

Editor
By Editor 2 Min Read

दुर्ग कंट्रोल रूम की सूचना पर तत्काल पहुंची टीम; डीप डाइविंग एक्सपर्ट्स ने पानी में उतरकर शव बरामद कर पुलिस को सौंपा

दुर्ग, 1 मई 2026, अम्लेश्वर स्थित खारुन नदी में एक युवक के डूबने की सूचना पर राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआर एफ) की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया। कड़ी मशक्कत के बाद टीम ने युवक का शव नदी से बाहर निकालकर पुलिस के सुपुर्द कर दिया।

मिली जानकारी के अनुसार, दुर्ग कंट्रोल रूम को सूचना प्राप्त हुई थी कि अम्लेश्वर के खारुन नदी क्षेत्र में एक युवक डूब गया है। सूचना मिलते ही जिला सेनानी एवं जिला अग्निशमन अधिकारी नागेंद्र कुमार सिंह के निर्देश पर SDRF की टीम तत्काल मौके के लिए रवाना हुई।

घटनास्थल पर पहुंचकर SDRF प्रभारी धनीराम यादव के नेतृत्व में रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। टीम के डिप डाइविंग एक्सपर्ट ओंकार और भानुप्रताप ने गहरे पानी में उतरकर सर्च अभियान चलाया। कुछ समय बाद युवक का शव नदी से बाहर निकाल लिया गया।

इस रेस्क्यू अभियान में राजकुमार यादव, थानेश्वर, विनय, हेमराज, राजू महानंद, दिलीप और रमेश ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

मृतक की पहचान मोहम्मद मोहिउद्दीन (19 वर्ष) के रूप में हुई है, जो रायपुर के मौदहापारा क्षेत्र का निवासी था। उसके पिता का नाम मोहम्मद नजीमुद्दीन बताया गया है।

घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए आगे की जांच शुरू कर दी है।

Share This Article