5 वर्षीय मासूम से दुष्कर्म मामले में प्रदेश महार-महरा समाज संगठन ने जताई कड़ी निंदा, दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग
दुर्ग, उतई उतई क्षेत्र में 5 वर्षीय मासूम बच्ची के साथ हुए दुष्कर्म की घटना को लेकर जनआक्रोश बढ़ता जा रहा है। इसी कड़ी में महिला संगठनों एवं प्रदेश महार-महरा समाज संगठन के पदाधिकारियों ने उतई थाना पहुंचकर पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग करते हुए ज्ञापन सौंपा।
संगठन के प्रतिनिधियों ने घटना की घोर निंदा करते हुए कहा कि इस तरह की अमानवीय घटनाएं समाज को झकझोरने वाली हैं। उन्होंने आरोपियों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई करने तथा फास्ट ट्रैक कोर्ट में मामले की सुनवाई कर जल्द न्याय दिलाने की मांग की।
ज्ञापन के माध्यम से यह भी कहा गया कि पीड़ित परिवार को सुरक्षा एवं आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाए, ताकि वे बिना भय के न्याय की लड़ाई लड़ सकें। महिला संगठनों ने प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि शीघ्र कठोर कार्रवाई नहीं की गई, तो वे व्यापक आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे।
इस दौरान बड़ी संख्या में महिलाएं और समाज के लोग उपस्थित रहे। सभी ने एक स्वर में दोषियों को कड़ी सजा देने और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की।


