जिला सेनानी नागेंद्र कुमार सिंह ने किया शुभारंभ, शहरभर में दिया अग्नि सुरक्षा का संदेश; घर-दुकानों में फायर सिस्टम लगाने की अपील
दुर्ग, अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवा दुर्ग द्वारा अग्निशमन दिवस के अवसर पर जिले में व्यापक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान जिला सेनानी एवं अग्निशमन अधिकारी नागेंद्र कुमार सिंह ने शहीद अग्निशमन कर्मचारियों को श्रद्धांजलि अर्पित कर कार्यक्रम की शुरुआत की और भव्य रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

रैली अग्निशमन कार्यालय दुर्ग से प्रारंभ होकर शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरी। इसमें जेल तिराहा, इंदिरा मार्केट, नेहरू नगर मार्केट और सेक्टर एरिया सहित विभिन्न स्थानों पर आमजन को अग्नि सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया। अग्निशमन टीम ने लोगों को घरेलू स्तर पर छोटी आग से निपटने के लिए अग्निशामक यंत्र रखने की सलाह दी तथा उसके सही उपयोग की जानकारी भी दी।

इसके साथ ही व्यापारिक प्रतिष्ठानों में फायर एक्सटिंग्विशर और फायर सेफ्टी सिस्टम अनिवार्य रूप से लगाने का संदेश दिया गया। अधिकारियों ने बताया कि आगजनी की घटनाओं से बचाव के लिए सतर्कता और प्राथमिक संसाधनों की उपलब्धता बेहद जरूरी है।

रैली के समापन के बाद अग्निशमन कार्यालय में फायर डेमो कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसके अंतर्गत जिले के स्कूल, कॉलेज, अस्पताल, अपार्टमेंट, बाजार, घनी आबादी वाले क्षेत्र एवं फैक्ट्रियों में जाकर आग से बचाव और नियंत्रण के व्यावहारिक प्रदर्शन किए जाएंगे।

इस अवसर पर अग्निशमन सहायक प्रभारी एफ. प्रवीण बारा, सहायक स्टेशन प्रभारी संतोष पाण्डेय, नगर सेना प्रभारी श्यामलाल देशमुख, कन्हैया साहू, एसडीआरएफ प्रभारी धनीराम यादव, ईश्वर खरे सहित समस्त अग्निशमन कर्मचारी एवं एसडीआरएफ टीम उपस्थित रही।


