महिला प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से की सौजन्य मुलाकात, नारी शक्ति वंदन अधिनियम पर जताया आभार

Editor
By Editor 2 Min Read

राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा के नेतृत्व में पहुंचा प्रतिनिधिमंडल; महिला सशक्तिकरण के प्रयासों की सराहना, सरकार ने सुरक्षा व आत्मनिर्भरता को बताया प्राथमिकता

भिलाई, रायपुर  राज्य के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से गुरुवार को विधानसभा स्थित उनके कार्यालय में महिला प्रतिनिधियों के एक प्रतिनिधिमंडल ने सौजन्य मुलाकात की। यह प्रतिनिधिमंडल लक्ष्मी वर्मा के नेतृत्व में पहुंचा था।

इस दौरान महिला प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री का अभिनंदन करते हुए नारी शक्ति वंदन अधिनियम के समर्थन में विधानसभा में आयोजित विशेष सत्र और इस संबंध में पारित शासकीय संकल्प के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने इसे महिलाओं के सम्मान, अधिकार और सशक्तिकरण की दिशा में एक ऐतिहासिक पहल बताया।

प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि यह निर्णय समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के साथ महिलाओं की भागीदारी को मजबूत करेगा। साथ ही उन्होंने मुख्यमंत्री साय के नेतृत्व में प्रदेश में महिलाओं के उत्थान के लिए किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए विश्वास जताया कि आने वाले समय में महिला सशक्तिकरण को और अधिक गति मिलेगी।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इस अवसर पर कहा कि राज्य सरकार महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और आत्मनिर्भरता को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने कहा कि नारी शक्ति वंदन जैसी पहल समाज में समानता और न्याय के नए आयाम स्थापित करेंगी।

उन्होंने आगे कहा कि प्रदेश की महिलाएं विकास यात्रा की महत्वपूर्ण सहभागी हैं और उनके सशक्तिकरण के बिना समग्र विकास संभव नहीं है।

मुख्यमंत्री ने प्रतिनिधिमंडल का आभार व्यक्त करते हुए आश्वस्त किया कि राज्य सरकार महिलाओं के सर्वांगीण विकास और उनके अधिकारों की रक्षा के लिए निरंतर प्रतिबद्ध रहेगी।

Share This Article