कोकड़ी नाला पुल पर हुआ हादसा, सूचना मिलते ही उतई पुलिस और डायल-112 टीम ने पहुंचकर युवक को सुरक्षित बाहर निकाला
दुर्ग, उतई, लगातार हो रही बारिश के बीच कोकड़ी नाला पुल पर पानी का बहाव तेज होने से एक युवक मोटरसाइकिल समेत बह गया। बहते पानी में युवक किसी तरह एक पेड़ के सहारे पहुंचा और उसे पकड़कर अपनी जान बचाई। तेज बहाव के बीच पेड़ पर फंसे युवक ने पुलिस कंट्रोल रूम को फोन कर मदद मांगी। सूचना मिलते ही उतई पुलिस और डायल-112 की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और सावधानीपूर्वक रेस्क्यू कर युवक को सुरक्षित बाहर निकाला।
जानकारी के अनुसार 25 सितंबर को ग्राम पव्वारा निवासी लोकेश्वर साहू मोटरसाइकिल से ग्राम पव्वारा से खमहरिया की ओर जा रहे थे। इसी दौरान कोकड़ी नाला पुल पर बारिश के कारण पानी का बहाव काफी तेज था। पुल से गुजरते समय वह मोटरसाइकिल सहित पानी के तेज बहाव की चपेट में आ गए और बहने लगे।
बहाव में बहते हुए लोकेश्वर किसी तरह एक पेड़ के पास पहुंचे और उसके सहारे लटक गए। पानी का बहाव तेज होने के कारण वह वहां से निकल नहीं पा रहे थे। उन्होंने तत्काल पुलिस कंट्रोल रूम को फोन कर अपनी स्थिति की जानकारी दी और मदद मांगी।
सूचना मिलते ही थाना उतई की पुलिस टीम निरीक्षक मोहन भारद्वाज के नेतृत्व में मौके पर पहुंची। प्रशिक्षु उप निरीक्षक दीपक कुमार सहित पुलिसकर्मियों और डायल-112 टीम ने घटनास्थल का जायजा लिया। तेज बहाव को देखते हुए सावधानी और सूझबूझ के साथ युवक तक पहुंच बनाई गई। इसके बाद उसे पेड़ के सहारे से सुरक्षित बाहर निकालकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया।
रेस्क्यू अभियान में थाना उतई के निरीक्षक मोहन भारद्वाज, प्रशिक्षु उप निरीक्षक दीपक कुमार, प्रधान आरक्षक आशीष सिंह, आरक्षक राजीव दुबे, दीपक जॉन और डायल-112 के चालक की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से युवक को समय रहते सुरक्षित बाहर निकाला जा सका और किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
बारिश में नदी-नालों से दूर रहने की अपील
दुर्ग पुलिस ने आमजन से लगातार बारिश के दौरान विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। पुलिस ने कहा है कि नदी, नाला, पुल-पुलिया और तेज बहाव वाले स्थानों पर जोखिम लेकर आवागमन न करें। पानी का बहाव अधिक होने पर पुल या नाला पार करने का प्रयास नहीं करना चाहिए। किसी भी आपात स्थिति में स्वयं जोखिम उठाने के बजाय तत्काल पुलिस कंट्रोल रूम अथवा डायल-112 को सूचना दें।
Link : https://shricgnewscreator.com/a-young-man-was-swept-away-along-with-his-bike-in-the-strong-flow-of-rainwater-and-got-stuck-against-a-tree/













