संबलपुरी संस्कृति, नृत्य एवं सामाजिक एकजुटता ने बांधा समां
भिलाई, नव चेतना पश्चिम उत्कल गांडा समाज एवं सेवा समिति, भिलाई–चरोदा के तत्वावधान में सांस्कृतिक भवन, रेल नगर चरोदा में नुआखाई जुहार भेंटघाट एवं सम्मान समारोह हर्षोल्लास और गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में पश्चिम उड़ीसा की समृद्ध संस्कृति, परंपरा और सामाजिक एकजुटता की जीवंत झलक देखने को मिली।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि गुरु खुशवंत साहेब (कैबिनेट मंत्री, छत्तीसगढ़ शासन) थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता राजेंद्र नाग (वरिष्ठ समाजसेवी एवं शिक्षक) ने की। विशिष्ट अतिथि किशोर महानंद ( उपाध्यक्ष, श्रम कल्याण मंडल छत्तीसगढ़ शासन, राज्य मंत्री दर्जा प्राप्त), प्रेमलाल साहू (प्रवक्ता भाजपा जिला भिलाई) एवं वरिष्ठ समाजसेवी) तथा निर्मल कोसरे, महापौर नगर पालिका निगम भिलाई–चरोदा उपस्थित रहे।
विशेष अतिथि के रूप में उपकार चंद्राकर (प्रदेश महामंत्री भाजपा ओबीसी मोर्चा), सुजीत बघेल (महामंत्री–जिला कांग्रेस कमेटी), गुलशन ढीढ़े (प्रदेश कार्यसमिति सदस्य, भाजपा अजा मोर्चा) एवं संतोष मार्कंडेय, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य भाजपा किसान मोर्चा उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ मां समलेश्वरी देवी की कलशयात्रा के आगमन से हुआ। मंच पर मां समलेश्वरी देवी एवं छत्तीसगढ़ महतारी के तैलचित्र पर दीप प्रज्वलन एवं माल्यार्पण कर विधिवत कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया।
कार्यक्रम में पश्चिम उड़ीसा की समृद्ध लोकसंस्कृति एवं परंपराओं को संबलपुरी नृत्य और रंगारंग कार्यक्रम की आकर्षक प्रस्तुतियों के माध्यम से प्रदर्शित किया गया। कलाकारों की मनमोहक प्रस्तुति ने उपस्थित अतिथियों एवं समाजजनों को मंत्रमुग्ध कर दिया और पूरे आयोजन में चार चांद लगा दिए।
मुख्य अतिथि गुरु खुशवंत साहेब ने कहा कि नुआखाई केवल एक पर्व नहीं, बल्कि यह आपसी प्रेम, भाईचारे, कृतज्ञता और सामाजिक एकजुटता का उत्सव है। समाज की संस्कृति और परंपरा को नई पीढ़ी तक पहुंचाना हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि समाज की प्रगति शिक्षा, संस्कार और संगठन की मजबूती से ही संभव है। उन्होंने समाजजनों को अपनी सांस्कृतिक विरासत पर गर्व करते हुए विकास की मुख्यधारा में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

किशोर महानंद ने कहा कि पश्चिम उत्कल की संस्कृति अपनी सरलता, मेहनत, आत्मीयता और सामाजिक समरसता के लिए जानी जाती है। नुआखाई जुहार भेंटघाट जैसे आयोजन समाज को एक सूत्र में बांधने का कार्य करते हैं। उन्होंने कहा कि समाज की संस्कृति और परंपरा को जीवंत रखने के लिए ऐसे आयोजनों की निरंतरता आवश्यक है।
प्रेमलाल साहू ने अपने प्रभावशाली उद्बोधन में कहा कि “नुआखाई हमें अपनी जड़ों से जोड़ने वाला पर्व है। यह नई फसल के प्रति कृतज्ञता, प्रकृति के प्रति सम्मान और समाज के प्रति अपनत्व का संदेश देता है।” उन्होंने कहा कि समाज की पहचान केवल उसकी संख्या से नहीं, बल्कि उसकी संस्कृति, संस्कार, सेवा और संगठन से होती है। उन्होंने सामाजिक एकता को मजबूत करते हुए शिक्षा, सेवा और युवा शक्ति को आगे बढ़ाने पर विशेष जोर दिया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे राजेंद्र नाग ने अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में कहा कि हमारी संस्कृति हमारी सबसे बड़ी पूंजी है। समाज के प्रत्येक व्यक्ति का दायित्व है कि वह अपनी परंपराओं और संस्कारों को सुरक्षित रखते हुए आने वाली पीढ़ी को उनसे जोड़े। उन्होंने कहा कि संगठन में शक्ति और एकता में समाज की प्रगति का मार्ग निहित है।
महापौर निर्मल कोसरे ने नुआखाई की बधाई देते हुए कहा कि समाज में एकजुटता बनाए रखें और शिक्षा के क्षेत्र में विशेष ध्यान दें।
कार्यक्रम के दौरान समाज एवं जनसेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले समाजसेवियों का अतिथियों द्वारा प्रतीक चिन्ह भेंटकर सम्मान किया गया। सम्मान प्राप्त करने वालों ने समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को और अधिक मजबूती से निभाने का संकल्प व्यक्त किया।
स्वागत भाषण कार्यकारी अध्यक्ष नन्द बाग ने दिया, संचालन समाज के अध्यक्ष महेश सोना ने किया तथा आभार प्रदर्शन संरक्षक कमल तांडी एवं उग्रसेन सोना ने किया।
नुआखाई जुहार भेंटघाट एवं सम्मान समारोह ने सामाजिक एकता, आपसी भाईचारे और पश्चिम उत्कल की गौरवशाली सांस्कृतिक विरासत को एक मंच पर प्रस्तुत किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में समाज के लोगों एवं पदाधिकारी उपाध्यक्ष मनोज तांडी, महामंत्री बालकृष्ण नायक, सह मंत्री संतोष महानंद, कोषाध्यक्ष कृष्ण सागर एवं युवा प्रकोष्ठ अध्यक्ष लोकेश मोंगराज, महिला प्रकोष्ठ अध्यक्ष हीरावती सोनी, उपाध्यक्ष कल्पना नायक, महामंत्री रजनी तांडी, सह मंत्री झरना हरपाल प्रचार मंत्री, गीतांजलि नायक कार्यकारिणी सदस्य, संतरा तांडी, कुंती तांडी, रामेश्वरी, शिखा पुष्पा नायक, जानवी मगराज, सुदेश हरपाल, अनूप नायक, विक्रम तांडी, नरेश तांडी एवं पदाधिकारी, महिलाएं, युवा एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
Link : https://shricgnewscreator.com/west-utkal-ganda-samaj-celebrates-nuakhai-juhar-meet-and-greet-and-felicitation-ceremony/













