साइबर सेल, थाना पुलिस और CEIR पोर्टल की मदद से हुई बरामदगी, एसएसपी ने नियंत्रण कक्ष में आयोजित कार्यक्रम में मोबाइल किए सुपुर्द
सोशल पुलिसिंग की पहल को मिली मजबूती, नागरिकों ने कहा- खोया मोबाइल वापस मिलने की उम्मीद छोड़ चुके थे
दुर्ग, दुर्ग पुलिस की सोशल पुलिसिंग पहल के तहत शनिवार को 200 गुम मोबाइल उनके वास्तविक स्वामियों को लौटाए गए। पुलिस नियंत्रण कक्ष सेक्टर-6 में आयोजित कार्यक्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) ने करीब 60 लाख रुपये मूल्य के बरामद मोबाइल संबंधित नागरिकों को सौंपे। मोबाइल वापस मिलने पर लोगों ने दुर्ग पुलिस के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें अपने मोबाइल दोबारा मिलने की उम्मीद लगभग खत्म हो चुकी थी।
दुर्ग पुलिस ने बताया कि जिले में आम नागरिकों की गुम हुई संपत्ति वापस दिलाने के उद्देश्य से लगातार विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों से गुम हुए मोबाइल फोन का साइबर सेल और संबंधित थाना पुलिस ने तकनीकी विश्लेषण के माध्यम से पता लगाया।
पुलिस के अनुसार, गुम मोबाइल की सूचना मिलने के बाद प्रत्येक मामले की अलग-अलग जांच की गई। सीईआईआर (CEIR) पोर्टल, तकनीकी ट्रैकिंग, विभिन्न दूरसंचार सेवा प्रदाताओं के सहयोग तथा अन्य राज्यों एवं जिलों की पुलिस से समन्वय स्थापित कर मोबाइल फोन बरामद किए गए। आवश्यक वैधानिक प्रक्रिया पूरी होने के बाद सभी मोबाइल उनके वास्तविक मालिकों को सौंप दिए गए।
कार्यक्रम के दौरान मोबाइल प्राप्त करने वाले नागरिकों ने कहा कि उन्हें अपने मोबाइल वापस मिलने की कोई उम्मीद नहीं थी, लेकिन दुर्ग पुलिस के निरंतर प्रयासों से उनकी महत्वपूर्ण संपत्ति उन्हें वापस मिल गई। लोगों ने पुलिस की इस पहल को सराहनीय बताते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि यह अभियान केवल गुम मोबाइल की बरामदगी तक सीमित नहीं है, बल्कि सोशल पुलिसिंग को मजबूत करने की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम है। आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान, पारदर्शी कार्यप्रणाली और संवेदनशील पुलिसिंग के माध्यम से पुलिस और नागरिकों के बीच विश्वास एवं सहयोग को लगातार मजबूत किया जा रहा है।
इस अभियान में जिला साइबर सेल, जिले के सभी थाना एवं चौकी प्रभारियों, विवेचना अधिकारियों तथा मोबाइल रिकवरी अभियान से जुड़े पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। तकनीकी दक्षता, समन्वित प्रयास और लगातार फॉलोअप के चलते बड़ी संख्या में गुम मोबाइल बरामद कर लोगों को लौटाए जा सके।
दुर्ग पुलिस की अपील
दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि मोबाइल गुम होने या चोरी होने पर तत्काल संबंधित थाना, साइबर सेल अथवा CEIR पोर्टल के माध्यम से शिकायत दर्ज कराएं। समय पर सूचना और आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराने से मोबाइल की शीघ्र ट्रैकिंग और बरामदगी की संभावना बढ़ जाती है। साथ ही मोबाइल की सुरक्षा के लिए स्क्रीन लॉक, मजबूत पासवर्ड, बायोमेट्रिक लॉक और अन्य सुरक्षा सुविधाओं का उपयोग अवश्य करें।
Link : https://shricgnewscreator.com/durg-police-recovered-and-returned-200-lost-mobile-phones-property-worth-%e2%82%b960-lakh-was-restored-to-its-rightful-owners/








