सिरसा गेट अंडरब्रिज में धीमी रफ्तार से निर्माण, 33 दिन बाद भी नहीं मिली राहत
सीसी रोड का काम लगभग पूरा, फिर भी अंडरब्रिज बंद; जी-कैबिन मार्ग पर रोज लग रहा लंबा जाम, जल्द खोलने की उठी मांग
भिलाई, भिलाई-3 के सिरसा गेट अंडरब्रिज में सीसी रोड निर्माण एवं मरम्मत कार्य की धीमी गति को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। लोगों का आरोप है कि निर्माण कार्य के नाम पर केवल खानापूर्ति की जा रही है। करीब 33 दिन से अंडरब्रिज बंद होने के बावजूद मौके पर उस स्तर का काम दिखाई नहीं दे रहा है, जिसकी वजह से आम जनता को इतनी लंबी अवधि तक परेशानी झेलनी पड़े।
जानकारी के अनुसार अंडरब्रिज में सीसी रोड का निर्माण लगभग पूरा हो चुका है। हालांकि नाली निर्माण सहित कुछ अन्य कार्य अभी बाकी हैं। इसके बावजूद अंडरब्रिज को आम आवागमन के लिए नहीं खोला गया है। इसके कारण चारोदा और भिलाई के बीच आने-जाने वाले लोगों को वैकल्पिक मार्ग के रूप में जी-कैबिन रोड का उपयोग करना पड़ रहा है।

वैकल्पिक मार्ग पर लगातार बढ़ते ट्रैफिक दबाव के कारण सुबह और शाम के समय लंबा जाम लग रहा है। इसका असर केवल राहगीरों पर ही नहीं, बल्कि रेलवे कॉलोनी में रहने वाले परिवारों, रेलवे कर्मचारियों, विद्यार्थियों और रोजाना आवाजाही करने वाले नागरिकों पर भी पड़ रहा है। लोगों का कहना है कि रोजाना समय और ईंधन दोनों की बर्बादी हो रही है।

रेल प्रशासन ने सिरसा गेट अंडरब्रिज को एक जुलाई से 31 अगस्त तक मरम्मत एवं सीसी रोड निर्माण कार्य के लिए बंद किया है। कार्य प्रारंभ होने से पहले मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) ने स्थानीय नागरिकों के साथ अंडरब्रिज का निरीक्षण भी किया था। उस दौरान निर्माण एजेंसी को गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय से पहले कार्य पूरा करने के निर्देश दिए गए थे।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि निर्माण का अधिकांश हिस्सा पूरा हो चुका है। ऐसे में शेष कार्य में तेजी लाकर अंडरब्रिज को जल्द से जल्द खोल दिया जाना चाहिए, ताकि लोगों को रोजाना लगने वाले जाम और आवागमन की परेशानियों से राहत मिल सके।
इस संबंध में प्रदेश संयुक्त महामंत्री सुजीत बघेल, सतीश धुरंधर, संगीत सोरी, अरुण वर्मा, संजय साहू, कृष्णा राव, नील प्रकाश चंद्राकर एवं महताब भाई सहित अन्य स्थानीय नागरिकों ने भी अंडरब्रिज को शीघ्र शुरू कराने की मांग करते हुए निर्माण कार्य में तेजी लाने की आवश्यकता बताई।
Link : https://shricgnewscreator.com/underbridge-work-merely-a-token-effort-people-angry/








