3 करोड़ 22 लाख की संपत्ति जप्त, उत्तरप्रदेश से पकड़कर लाया गया मुख्य आरोपी
भिलाई, भिलाई इस्पात संयंत्र (बीएसपी) से स्क्रैप चोरी के बहुचर्चित मामले में दुर्ग पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने लंबे समय से फरार चल रहे मुख्य आरोपी संजय सिंह सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मुख्य आरोपी को उत्तरप्रदेश के देवरिया से पकड़कर दुर्ग लाया गया, जबकि विवेचना के दौरान संलिप्त पाए जाने पर एक अन्य आरोपी को भी गिरफ्तार किया गया है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में प्रस्तुत कर सात दिनों के पुलिस रिमांड पर लिया गया है, जहां उनसे पूछताछ जारी है।
पुलिस के अनुसार, 26 मई 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम अकलोरडीह खदान पारा स्थित ए.के. ट्रेडर्स में फ्लू डस्ट परिवहन की आड़ में बीएसपी से चोरी किए गए लोहे के स्क्रैप का अवैध भंडारण एवं परिवहन किया जा रहा है। सूचना के आधार पर थाना पुरानी भिलाई पुलिस ने प्लॉट नंबर 18 ए/05, एच.आई.ए. हथखोज स्थित परिसर में दबिश दी।
जांच के दौरान विभिन्न हाईवा एवं ट्रकों में फ्लू डस्ट के साथ बीएसपी से चोरी की गई लोहे की प्लेट, बीम और कटिंग सामग्री लोड होना पाया गया। मौके पर बड़ी मात्रा में स्क्रैप का भंडारण भी मिला। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए लगभग 250 टन लोहे की प्लेट एवं बीम कटिंग जप्त की, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 90 लाख रुपये बताई गई है।
इसके अलावा स्क्रैप की लोडिंग एवं परिवहन में प्रयुक्त वाहन और मशीनरी भी जब्त की गई। पुलिस के अनुसार कुल जप्त संपत्ति का अनुमानित मूल्य लगभग 3 करोड़ 22 लाख रुपये है।
प्रकरण में इससे पहले आठ आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा जा चुका है। वहीं मुख्य आरोपी संजय सिंह घटना के बाद से लगातार फरार चल रहा था और पुलिस से बचने के लिए अलग-अलग स्थानों पर छिपकर रह रहा था। विवेचना के दौरान मिली सूचना पर विशेष पुलिस टीम को उत्तरप्रदेश रवाना किया गया। जांच में आरोपी के देवरिया में छिपे होने की पुष्टि होने पर पुलिस ने उसके ठिकाने पर घेराबंदी कर उसे हिरासत में ले लिया।
पुलिस ने बताया कि विवेचना के दौरान पिंटू उर्फ उपेंद्र ओझा की भी मामले में संलिप्तता सामने आई, जिसके बाद उसे विधिवत गिरफ्तार किया गया।
आरोपी
- संजय सिंह, उम्र 48 वर्ष, निवासी खुर्सीपार, भिलाई।
- पिंटू उर्फ उपेंद्र ओझा, उम्र 48 वर्ष, निवासी सेक्टर-05, सड़क नंबर 26, भिलाई।
जप्त सामग्री
- लगभग 250 टन लोहे की प्लेट एवं बीम कटिंग
- स्क्रैप परिवहन एवं लोडिंग में प्रयुक्त वाहन एवं मशीनरी
- कुल अनुमानित जप्त संपत्ति मूल्य लगभग 3 करोड़ 22 लाख रुपये
पुलिस के अनुसार आरोपी बीएसपी से चोरी किए गए स्क्रैप का अवैध संग्रहण कर आर्थिक लाभ अर्जित करने के उद्देश्य से इस अपराध को अंजाम दे रहे थे।
थाना पुरानी भिलाई पुलिस टीम एवं विवेचना में संलग्न अधिकारियों-कर्मचारियों की इस कार्रवाई में महत्वपूर्ण भूमिका रही। लगातार प्रयासों के बाद फरार आरोपी को गिरफ्तार करने में पुलिस को सफलता मिली।
दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की चोरी, अवैध परिवहन अथवा संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते वैधानिक कार्रवाई की जा सके।






