अहिवारा बायपास पर संयुक्त टीम की घेराबंदी, दो वाहन भी जब्त; आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई कर आरोपियों को भेजा गया न्यायिक रिमांड पर
दुर्ग। जिले में अवैध शराब के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए दुर्ग पुलिस लगातार अभियान चला रही है। इसी क्रम में थाना नंदिनी नगर पुलिस एवं एसीसीयू की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अलग-अलग प्रकरणों में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से कुल 305 पौवा अंग्रेजी मदिरा शराब तथा परिवहन में प्रयुक्त दो वाहन जब्त किए गए हैं। जब्त संपत्ति की कुल कीमत 1 लाख 86 हजार 600 रुपये आंकी गई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 16 जून 2026 को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि कुछ लोग अवैध रूप से अंग्रेजी शराब का परिवहन कर बिक्री के लिए ले जा रहे हैं। सूचना मिलते ही थाना नंदिनी नगर पुलिस और एसीसीयू की संयुक्त टीम ने अहिवारा बायपास स्थित ग्राम संडी मोड़ मेन रोड पर घेराबंदी कर कार्रवाई शुरू की।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मोटरसाइकिल सवार दो आरोपियों ताम्रध्वज ध्रुव और जावेद टंडन को पकड़ा। तलाशी लेने पर उनके कब्जे से 255 पौवा अंग्रेजी शराब बरामद की गई। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 193/2026 के तहत धारा 34(2) आबकारी एक्ट में मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
इसी दौरान पुलिस को एक अन्य सूचना प्राप्त हुई, जिस पर संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी राजकुमार बंजारे को जुपीटर स्कूटी सहित पकड़ा। जांच में उसके पास से 50 पौवा अंग्रेजी शराब बरामद हुई। आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 194/2026 के तहत धारा 34(2) आबकारी एक्ट में प्रकरण दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई।
पुलिस ने दोनों मामलों में कुल 305 पौवा अंग्रेजी शराब, एक मोटरसाइकिल और एक जुपीटर स्कूटी जब्त की है। तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
आरोपी ये हैं
- ताम्रध्वज ध्रुव (19 वर्ष), निवासी ग्राम पिरदा, भिंभौरी, जिला बेमेतरा
- जावेद टंडन (24 वर्ष), निवासी ग्राम डूमर, थाना नंदिनी नगर, जिला दुर्ग
- राजकुमार बंजारे (40 वर्ष), निवासी ग्राम मलपुरीखुर्द, थाना नंदिनी नगर, जिला दुर्ग
पुलिस ने की नागरिकों से अपील
दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि अवैध शराब, गांजा, अन्य मादक पदार्थ, जुआ, सट्टा और ऑनलाइन सट्टा जैसी गतिविधियों से दूर रहें। साथ ही ऐसी किसी भी अवैध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस या नशा विरोधी हेल्पलाइन 1933 पर दें। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि कानून का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।






