भिलाई के होटल में 19 वर्षीय युवक का शव मिलने से सनसनी, युवती के साथ ठहरा था मृतक

Editor
By Editor 2 Min Read

जवाहर नगर निवासी शादाब की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद होगा खुलासा

भिलाई, सुपेला क्षेत्र के एक होटल के कमरे में 19 वर्षीय युवक का शव मिलने से बुधवार को इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान जवाहर नगर निवासी शादाब के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि पुलिस ने मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए सभी पहलुओं से जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, शादाब मंगलवार शाम अपनी 23 वर्षीय गर्लफ्रेंड के साथ सुपेला स्थित एक होटल में ठहरा था। दोनों ने होटल में एक कमरा लिया था। कुछ समय बाद होटल के कमरे में युवक का शव मिलने की सूचना से हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही सुपेला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सुपेला स्थित मर्चुरी भिजवा दिया।

वीडियो

पुलिस के अनुसार, प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का लग रहा है, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी। फिलहाल पुलिस होटल के कर्मचारियों, मृतक के साथ मौजूद युवती और अन्य संबंधित लोगों से पूछताछ कर रही है।

इसके अलावा होटल में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि कमरे में क्या घटनाक्रम हुआ था। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फॉरेंसिक साक्ष्य और पूछताछ में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस हर पहलू की बारीकी से जांच कर रही है और मौत के कारणों का पता लगाने के लिए सभी संभावित बिंदुओं पर विवेचना जारी है।

Share This Article