सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई चोर की गतिविधियां, प्रभारी चिकित्सा अधिकारी ने पुरानी भिलाई थाने में दर्ज कराई एफआईआर
भिलाई, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भिलाई-3 में अज्ञात चोर द्वारा अस्पताल में घुसकर चोरी की वारदात को अंजाम देने का मामला सामने आया है। चोर ने रात्रि के समय अस्पताल के कैजुअल्टी एरिया से प्रवेश किया और अस्पताल के विभिन्न वार्डों एवं कमरों में घुसकर सिरिंज, निडिल, बीपी जांचने की मशीन, शुगर जांचने की मशीन सहित मलहम एवं दवाइयों पर हाथ साफ कर दिया। चोरी की पूरी वारदात अस्पताल में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। घटना 27 अक्टूबर, मंगलवार की है। फुटेज में चोर की विभिन्न गतिविधियां रिकॉर्ड हुई हैं।
मामले की जानकारी मिलने के बाद प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. शिखर अग्रवाल ने थाना पुरानी भिलाई-3 में अज्ञात चोर के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है। साथ ही घटना की सूचना स्वास्थ्य विभाग के उच्च अधिकारियों को भी दे दी गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोर की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।
रात में केवल आपातकालीन सेवाएं रहती हैं संचालित
गौरतलब है कि प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भिलाई-3 में रात्रिकालीन समय में मुख्य रूप से प्रसव, दुर्घटना से जुड़े मामलों और अन्य आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाएं संचालित रहती हैं। अस्पताल की ओपीडी प्रतिदिन शाम 5 बजे बंद हो जाती है। ऐसे में रात के समय अस्पताल परिसर में सीमित गतिविधियां रहती हैं। इसी दौरान अज्ञात चोर ने अस्पताल के कैजुअल्टी क्षेत्र से प्रवेश कर अलग-अलग वार्डों और कमरों में चोरी की घटना को अंजाम दिया।
महिला स्वास्थ्य कार्यकर्ता का चलती गाड़ी से बैग छीनकर 5500 रुपये की चोरी
इसी बीच स्वास्थ्य विभाग से जुड़ी एक अन्य चोरी की घटना भी सामने आई है। प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. शिखर अग्रवाल ने बताया कि दूसरे विभाग के फील्ड स्टाफ की शनिवार को बैठक आयोजित होती है, जिसमें मैदानी कर्मचारी शामिल होने आते हैं। इसी दौरान एक महिला स्वास्थ्य कार्यकर्ता के साथ डबरा पारा भिलाई-3 के बीच चलती गाड़ी से बैग छीनने की घटना हुई।
अज्ञात आरोपी महिला स्वास्थ्य कार्यकर्ता का बैग लेकर फरार हो गया। बैग में लगभग 5500 रुपये रखे हुए थे, जिन्हें आरोपी ने पार कर दिया। बाद में महिला का बैग चरोदा के आसपास फेंके जाने की जानकारी मिली। इस घटना की रिपोर्ट भी संबंधित महिला स्वास्थ्य कार्यकर्ता द्वारा दर्ज कराई गई है।
स्वास्थ्य केंद्रों की सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
एक ओर अस्पताल में घुसकर स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े जरूरी उपकरणों और दवाइयों की चोरी हुई, वहीं दूसरी ओर स्वास्थ्य विभाग की महिला कर्मचारी से चलती गाड़ी में बैग छीनने की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ा दी है। अस्पताल में हुई चोरी की वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद होने से पुलिस को जांच में महत्वपूर्ण सुराग मिलने की उम्मीद है। अब पुलिस दोनों घटनाओं की जांच कर आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।
Link : https://shricgnewscreator.com/theft-at-primary-health-centre-bhilai-3-unidentified-thief-flees-with-hospital-equipment-and-medicines/









