प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भिलाई-3 में गैर संचारी रोग नियंत्रण कार्यक्रम के तहत स्वास्थ्य शिविर आयोजित

Editor
By Editor 4 Min Read

78 मरीजों की हुई जांच, 24 का बीपी और 28 लोगों की शुगर जांच; 12 महिलाओं की सर्वाइकल कैंसर स्क्रीनिंग की गई

भिलाई, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भिलाई-3 में गैर संचारी रोग नियंत्रण कार्यक्रम के अंतर्गत स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में लोगों ने पहुंचकर स्वास्थ्य परीक्षण कराया। इस दौरान मरीजों की बीपी, शुगर, मुख कैंसर सहित अन्य गैर संचारी रोगों की जांच कर उन्हें आवश्यक परामर्श एवं उपचार संबंधी जानकारी दी गई। शिविर में कुल 78 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण एवं स्क्रीनिंग की गई।

खंड विस्तार स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी सैय्यद असलम ने बताया कि वर्तमान समय में अनियमित दिनचर्या, खानपान में लापरवाही, शारीरिक श्रम की कमी और तनाव के कारण लोगों का स्वास्थ्य प्रभावित हो रहा है। इसके चलते उच्च रक्तचाप (बीपी), मधुमेह (शुगर) और मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ी समस्याएं तेजी से बढ़ रही हैं। वहीं तंबाकू, बीड़ी, सिगरेट और गुटखा जैसे नशीले पदार्थों के सेवन से मुख कैंसर सहित शरीर के अन्य प्रकार के कैंसर होने का खतरा भी बढ़ जाता है।

उन्होंने बताया कि गैर संचारी रोग नियंत्रण कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य 30 वर्ष से अधिक आयु के सभी लोगों की नियमित स्क्रीनिंग करना, समय रहते बीमारियों की पहचान करना तथा आवश्यक उपचार उपलब्ध कराकर गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं की रोकथाम करना है। समय पर जांच और उचित जीवनशैली अपनाकर इन बीमारियों के खतरे को काफी हद तक कम किया जा सकता है।

78 मरीजों की जांच, 12 महिलाओं की सर्वाइकल कैंसर स्क्रीनिंग

स्वास्थ्य शिविर में चिकित्सक डॉ. प्रतीक साहू ने कुल 78 मरीजों का परीक्षण कर उनकी स्क्रीनिंग की। इस दौरान 24 लोगों का ब्लड प्रेशर (बीपी) तथा 28 लोगों की ब्लड शुगर जांच की गई। इसके अलावा सभी 78 लोगों की मुख जांच की गई, ताकि मुख कैंसर के संभावित लक्षणों की समय रहते पहचान की जा सके। शिविर में 12 महिलाओं की सर्वाइकल कैंसर (गर्भाशय ग्रीवा कैंसर) की स्क्रीनिंग भी की गई। जरूरतमंद मरीजों को बीपी और शुगर की दवाइयां निशुल्क वितरित की गईं।

नियमित व्यायाम और संतुलित खानपान अपनाने की दी सलाह

शिविर में खंड चिकित्सा स्वास्थ्य शिक्षा विस्तार प्रशिक्षण अधिकारी सैय्यद असलम ने हितग्राहियों की काउंसलिंग करते हुए स्वस्थ जीवनशैली अपनाने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने लोगों को प्रतिदिन पैदल चलने, नियमित व्यायाम करने, भोजन में नमक और चीनी का कम उपयोग करने तथा रात में समय पर सोने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि पर्याप्त नींद, संतुलित आहार और नियमित शारीरिक गतिविधियां बीपी, शुगर सहित कई गैर संचारी रोगों से बचाव में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।

इस अवसर पर खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. भुवनेश्वर कुमार कठौतिया एवं डॉ. शिखर अग्रवाल द्वारा भी हितग्राहियों के लिए स्वास्थ्य संबंधी संदेश दिए गए। उन्होंने लोगों को तंबाकू एवं अन्य नशीले पदार्थों का सेवन छोड़ने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया।

स्वास्थ्य कर्मियों का रहा विशेष योगदान

शिविर के सफल आयोजन में एलएचवी आर. विश्वास, उषा वर्मा, पी. स्वामी, फार्मासिस्ट  स्मिता बागड़े, भूपेन्द्र सिन्हा, चम्पाकली सोनी, सरस्वती ठाकुर, हिमांशु सूर्यवंशी एवं दुर्गा कंवर का सराहनीय योगदान रहा। शिविर के माध्यम से लोगों को गैर संचारी रोगों के प्रति जागरूक करते हुए नियमित स्वास्थ्य जांच कराने और बीमारी के शुरुआती लक्षणों को नजरअंदाज नहीं करने का संदेश दिया गया।

Link : https://shricgnewscreator.com/health-camp-organized-at-primary-health-centre-bhilai-3-under-the-non-communicable-disease-control-programme/

Share This Article