खुर्सीपार की वारदात में पहले रजत कुशवाहा की गई थी जान, बीच-बचाव करने पर आरोपी ने दोनों दोस्तों पर किया था हमला
भिलाईनगर के खुर्सीपार थाना क्षेत्र में 25 अप्रैल को हुई चाकूबाजी की घटना में घायल दूसरे युवक की भी इलाज के दौरान मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल सुनील कुमार कन्हाई ने घटना के 13वें दिन शुक्रवार को दम तोड़ दिया। इससे पहले उसके दोस्त रजत कुशवाहा की भी उपचार के दौरान मौत हो चुकी थी। घटना के बाद क्षेत्र में एक बार फिर सनसनी फैल गई है।
खुर्सीपार थाना प्रभारी आनंद शुक्ला ने बताया कि बालाजी नगर निवासी रजत कुशवाहा अपने दोस्त सुनील कुमार कन्हाई को बाइक से घर छोड़ने जा रहा था। रात करीब 9:30 बजे दोनों गांधी विद्यालय के पास पहुंचे, जहां उन्होंने देखा कि आरोपी गोलू सिंह एक युवक को बैट से पीट रहा था। मानवता के नाते रजत और सुनील ने बीच-बचाव करने की कोशिश की और आरोपी को रोकने का प्रयास किया।
इसी बात से नाराज होकर आरोपी गोलू सिंह भड़क गया और दोनों युवकों से गाली-गलौज करने लगा। विवाद बढ़ने पर उसने चाकू निकाल लिया और दोनों पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में रजत के पेट और सीने में गंभीर चोटें आईं, जबकि सुनील के सीने, पेट और पीठ पर चाकू से कई वार किए गए।
घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों और परिजनों ने दोनों घायलों को तत्काल सुपेला शासकीय अस्पताल पहुंचाया। हालत गंभीर होने पर दोनों को रामनगर स्थित स्पर्श अस्पताल रेफर किया गया। इलाज के दौरान पहले रजत कुशवाहा की मौत हो गई थी, जबकि गंभीर हालत में भर्ती सुनील ने शुक्रवार को दम तोड़ दिया।
घटना के बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी गोलू सिंह को गिरफ्तार कर लिया था। अब दूसरे युवक की मौत के बाद मामले में हत्या की धाराएं और मजबूत हो गई हैं। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।


