दुर्ग के वार्ड-54 स्थित झुग्गी पारा प्राथमिक एवं पूर्व माध्यमिक शाला में आयोजित कार्यक्रम, बालवाड़ी के बच्चों को पेन-पेंसिल सेट भी किए गए वितरित
दुर्ग, छत्तीसगढ़ सर्व समाज संगठन ने सामाजिक सरोकार निभाते हुए जरूरतमंद विद्यार्थियों को शैक्षणिक सामग्री उपलब्ध कराकर शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने का संदेश दिया। संगठन के दुर्ग संभाग अध्यक्ष चंद्रशेखर साहू के नेतृत्व एवं प्रदेश कार्यकारिणी के मार्गदर्शन में वार्ड क्रमांक-54 स्थित झुग्गी पारा प्राथमिक एवं पूर्व माध्यमिक शाला में टाई, बेल्ट और आई-कार्ड वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में प्राथमिक एवं पूर्व माध्यमिक शाला के छात्र-छात्राओं को स्कूल यूनिफॉर्म से जुड़ी आवश्यक सामग्री टाई, बेल्ट और आई-कार्ड वितरित किए गए। वहीं बालवाड़ी में अध्ययनरत नन्हे बच्चों को पेन-पेंसिल सेट प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। विद्यार्थियों ने सामग्री प्राप्त कर खुशी व्यक्त की।
इस अवसर पर दुर्ग संभाग अध्यक्ष चंद्रशेखर साहू ने कहा कि शिक्षा ही समाज और राष्ट्र के विकास का सबसे मजबूत आधार है। आर्थिक रूप से कमजोर एवं जरूरतमंद बच्चों को आवश्यक शैक्षणिक सामग्री उपलब्ध कराना सामाजिक दायित्व है। उन्होंने कहा कि संगठन का उद्देश्य केवल सामग्री वितरण तक सीमित नहीं, बल्कि बच्चों में शिक्षा के प्रति रुचि बढ़ाना और उन्हें बेहतर भविष्य के लिए प्रेरित करना भी है।
कार्यक्रम गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। इसमें प्राथमिक एवं पूर्व माध्यमिक शाला के शिक्षक-शिक्षिकाओं, शाला प्रबंधन समिति के सदस्यों तथा ग्राम के प्रबुद्ध नागरिकों की सक्रिय सहभागिता रही। सभी ने संगठन की इस पहल की सराहना करते हुए इसे समाजहित में महत्वपूर्ण कदम बताया।
संस्था के पदाधिकारियों ने बताया कि छत्तीसगढ़ सर्व समाज संगठन आगे भी वंचित एवं जरूरतमंद बच्चों के हित में इसी प्रकार के सेवा और जनकल्याणकारी कार्य लगातार करता रहेगा। शिक्षा, सामाजिक सहभागिता और मानवीय संवेदनाओं को बढ़ावा देने की दिशा में यह कार्यक्रम एक प्रेरणादायी पहल साबित हुआ।
Link : https://shricgnewscreator.com/the-sarv-samaj-sangathan-distributed-ties-belts-and-id-cards-to-schoolchildren-and-encouraged-them-towards-education/








