भिलाई में कल मनाया जाएगा 629वां कबीर जयंती समारोह

Editor
By Editor 2 Min Read

निर्मल ज्ञान मंदिर कबीर आश्रम में भजन, बीजक पाठ, सत्संग, प्रवचन और गुरु पूजा के होंगे आयोजन, जनप्रतिनिधि व संत-महात्मा रहेंगे शामिल

भिलाई, नेहरू नगर स्थित निर्मल ज्ञान मंदिर कबीर आश्रम में रविवार 28 जून को 629वां कबीर जयंती समारोह श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ मनाया जाएगा। समारोह में कबीर पंथ के संतों, जनप्रतिनिधियों, श्रद्धालुओं और धर्मप्रेमियों की बड़ी संख्या में सहभागिता रहेगी। आयोजन को लेकर आश्रम परिसर में सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

समारोह के मुख्य अतिथि वैशाली नगर विधानसभा क्षेत्र के विधायक रिकेश सेन होंगे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में नेहरू नगर की पार्षद श्रीमती चंदेश्वरी बांधे उपस्थित रहेंगी। इसके अलावा बलौदा बाजार आश्रम से संत कोमल साहेब तथा कबीर आश्रम सेलूद से महंत परमेश्वर साहेब विशेष रूप से समारोह में शामिल होकर श्रद्धालुओं को सत्संग एवं प्रवचन के माध्यम से कबीर साहेब के विचारों से अवगत कराएंगे।

आयोजन के दौरान मंगलाचरण, बीजक पाठ, संध्या पाठ, भजन-कीर्तन, सत्संग, प्रवचन तथा गुरु पूजा जैसे धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। संत-महात्माओं के सान्निध्य में कबीर साहेब के मानवता, समरसता, प्रेम और सत्य के संदेशों का प्रसार किया जाएगा।

समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि समारोह में आश्रम के ट्रस्टीगण, प्रबंध कार्यकारिणी, महिला प्रकोष्ठ, युवा प्रकोष्ठ के सदस्य, कबीर पंथी अनुयायी एवं बड़ी संख्या में धार्मिक प्रेमीजन शामिल होंगे। आयोजन को सफल बनाने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं।

समिति ने क्षेत्र के श्रद्धालुओं एवं आम नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर संत कबीर के विचारों को आत्मसात करने और धार्मिक आयोजन का लाभ लेने की अपील की है। समारोह पूरे दिन धार्मिक वातावरण में संपन्न होगा।

Share This Article