23 अगस्त को निकलेगी 33 किलोमीटर लंबी शिवनाथ कांवड़ यात्रा

Editor
By Editor 4 Min Read

भगवा ध्वज के साथ गूंजेगा हर-हर महादेव, 55 स्थानों पर होगा कांवड़ यात्रियों का स्वागत; शिवनाथ तट पर रुद्राभिषेक और भव्य आरती

दुर्ग, सावन के पवित्र माह में दुर्ग शहर एक बार फिर भक्ति और आस्था से सराबोर होने जा रहा है। शिवनाथ कांवड़ यात्रा समिति के नेतृत्व में 23 अगस्त को भव्य शिवनाथ कांवड़ यात्रा निकाली जाएगी। करीब 33 किलोमीटर लंबी इस यात्रा में प्रदेश और जिलेभर से हजारों शिवभक्तों के शामिल होने की संभावना है। यात्रा का शुभारंभ सुबह 7 बजे धर्मगुरुओं द्वारा भगवा ध्वज दिखाकर किया जाएगा। इस दौरान पूरे मार्ग में हर-हर महादेव और बोल बम के जयघोष गूंजेंगे।

शिवनाथ कांवड़ यात्रा समिति की प्रथम तैयारी बैठक में आयोजन की रूपरेखा और व्यवस्थाओं को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। समिति के संरक्षक उपकार चंद्राकर ने बताया कि यह यात्रा अपने चौथे वर्ष में प्रवेश कर रही है। प्रत्येक वर्ष यात्रा के प्रति लोगों का उत्साह और जनसहभागिता बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि यात्रा का उद्देश्य केवल धार्मिक आयोजन तक सीमित नहीं है, बल्कि सनातन एकता, सामाजिक समरसता, संस्कृति जागरण और नशा मुक्त समाज का संदेश जन-जन तक पहुंचाना भी है।

33 विभागों में बांटी गई जिम्मेदारी

यात्रा की व्यापक तैयारियों को देखते हुए समिति ने आयोजन से जुड़े कार्यों को 33 विभागों में विभाजित किया है। करीब 200 कार्यकर्ता अलग-अलग जिम्मेदारियों का निर्वहन करेंगे। यात्रा में जनप्रतिनिधियों के साथ ग्रामीण और शहरी युवा, महिलाएं, सामाजिक कार्यकर्ता तथा विभिन्न समाजों के लोग शामिल होंगे।

बैठक में सर्वसम्मति से विपिन चंद्राकर को यात्रा संयोजक और वरुण यादव को यात्रा प्रमुख की जिम्मेदारी सौंपी गई। यात्रा संयोजक विपिन चंद्राकर ने कहा कि प्रदेशभर से अतिथियों और शिवभक्तों की सहभागिता यात्रा में रहेगी। उन्होंने बताया कि यात्रा समाज के हर वर्ग को एक सूत्र में जोड़ने और भक्ति के साथ सामाजिक एकता का संदेश देने का माध्यम बनेगी।

55 स्थानों पर होगा स्वागत

यात्रा प्रमुख वरुण यादव ने बताया कि शिवनाथ कांवड़ यात्रा को लेकर आमजन में खासा उत्साह है। बड़ी संख्या में लोग स्वेच्छा से यात्रा से जुड़ रहे हैं। लगभग 33 किलोमीटर के यात्रा मार्ग में करीब 55 स्थानों पर समाज, जनप्रतिनिधियों और विभिन्न समितियों की ओर से कांवड़ यात्रियों का स्वागत किया जाएगा। यात्रा के दौरान भगवा ध्वज और बोल बम के जयघोष से वातावरण भक्तिमय रहेगा।

शिवनाथ तट पर रुद्राभिषेक और आरती

यात्रा के अंतिम पड़ाव पर शिवनाथ नदी के तट पर भगवान भोलेनाथ का रुद्राभिषेक किया जाएगा। इसके बाद भव्य शिवनाथ आरती का आयोजन होगा। इस वर्ष यात्रा में भव्य झांकियां, विशेष आतिशबाजी और भक्ति संध्या भी आकर्षण का केंद्र रहेंगी।

समिति ने जिले और प्रदेश के सभी शिवभक्तों, सामाजिक संगठनों, युवाओं, महिलाओं और आम नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में यात्रा में शामिल होने की अपील की है। समिति के अनुसार यात्रा के माध्यम से सनातन एकता, सामाजिक समरसता, संस्कृति जागरण और नशा मुक्त समाज के संकल्प को मजबूत करने का प्रयास किया जाएगा।

बैठक में ये रहे उपस्थित

तैयारी बैठक में विकास अग्रवाल, कुलदीप शर्मा, तेजस, तुलसी ध्रुव, उदय भास्कर, अजय साहू, महेंद्र साहू, समीर अग्रवाल, दीप पटेल, अभिषेक, हर्षित, रोशन, आशीष वर्मा, गगन चंद्राकर, आकाश, अखिल, सम्यक तिवारी, जयंत, शशिकांत, टिंकू, हेमंत सहित बड़ी संख्या में युवा साथी उपस्थित रहे।

Link : https://shricgnewscreator.com/the-33-kilometer-long-shivnath-kanwar-yatra-will-set-out-on-august-23/

Share This Article