सुपेला में अज्ञात वाहन की चपेट में आया बाइक सवार, जामुल में छोटा हाथी की टक्कर से साइकिल सवार ने तोड़ा दम
भिलाई, शहर के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुए दो सड़क हादसों में एक युवक और एक बुजुर्ग की मौत हो गई। दोनों मामलों में पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। एक हादसा सुपेला थाना क्षेत्र में हुआ, जहां सड़क पर गिरे युवक को अज्ञात वाहन ने कुचल दिया, जबकि दूसरे मामले में जामुल थाना क्षेत्र में टाटा एस (छोटा हाथी) वाहन की टक्कर से साइकिल सवार बुजुर्ग की जान चली गई।
नगर पुलिस अधीक्षक सत्य प्रकाश तिवारी ने बताया कि सुपेला थाना क्षेत्र के नेहरू नगर चौक के पास मंगलवार रात करीब 11:30 बजे तेज रफ्तार बाइक पर सवार दो युवक स्पीड ब्रेकर से टकराकर अनियंत्रित हो गए और सड़क पर गिर पड़े। इसी दौरान बाइक सवार यश पांडे (22 वर्ष) अज्ञात वाहन की चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना के बाद उसका साथी घटनास्थल पर हंगामा करने लगा। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया, लेकिन वह इलाज के दौरान अस्पताल से फरार हो गया। प्रारंभिक जांच में दोनों युवकों के नशे की हालत में होने की बात सामने आई है। पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
वहीं दूसरी घटना जामुल थाना क्षेत्र में हुई। थाना प्रभारी रामन सिंह के अनुसार मंगलवार शाम करीब 6 बजे टाटा एस वाहन क्रमांक सीजी 07 सीई 5930 के चालक ने तेज एवं लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए साइकिल सवार शिवदयाल कश्यप (65 वर्ष), निवासी हाउसिंग बोर्ड इंदिरा नगर को टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर रूप से घायल शिवदयाल कश्यप की मौत हो गई। बताया गया कि वे अपने पुत्र के निर्माणाधीन मकान को देखकर घर लौट रहे थे। पुलिस ने आरोपी चालक दीपक कुमार (33 वर्ष), निवासी कुरूद क्षेत्र, को गिरफ्तार कर वाहन जब्त कर लिया है। दोनों मामलों की विवेचना जारी है।






