मैत्री डेंटल कॉलेज में साइबर जागृति अभियान के तहत विद्यार्थियों को किया जागरूक

Editor
By Editor 4 Min Read

साइबर ठगी से बचाव के साथ नशा मुक्ति और महिला सुरक्षा की दी जानकारी, कराटे व आत्मरक्षा तकनीकों का हुआ प्रदर्शन

दुर्ग, 22 अगस्त,  छत्तीसगढ़ पुलिस द्वारा संचालित “साइबर जागृति अभियान” के तहत दुर्ग पुलिस की ओर से मैत्री डेंटल कॉलेज, अंजोरा में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार 15 अगस्त से 2 अक्टूबर तक चल रहे इस अभियान का उद्देश्य नागरिकों और विद्यार्थियों को साइबर अपराधों से बचाव के प्रति जागरूक करने के साथ नशे के दुष्प्रभाव एवं महिला सुरक्षा के प्रति सजग करना है।

कार्यक्रम में पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने विद्यार्थियों और उपस्थित नागरिकों को साइबर ठगी के बढ़ते मामलों को लेकर सतर्क रहने की जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ ओटीपी, पासवर्ड, बैंक खाते से संबंधित गोपनीय जानकारी अथवा अन्य संवेदनशील जानकारी साझा नहीं करनी चाहिए। साथ ही अनजान एपीके फाइल डाउनलोड करने, संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने और अनजान नंबरों से आने वाली वीडियो कॉल से सावधान रहने की अपील की गई।

ठगी होने पर तत्काल 1930 पर करें शिकायत

कार्यक्रम में बताया गया कि ऑनलाइन वित्तीय ठगी का शिकार होने पर पीड़ित को बिना समय गंवाए साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज करानी चाहिए। कार्यक्रम स्थल पर “मैं जागरूक हूं, साइबर क्राइम से मुक्त हूं” संदेश के साथ जागरूकता सेल्फी बोर्ड भी लगाया गया, जिसके माध्यम से विद्यार्थियों और नागरिकों ने साइबर सुरक्षा का संदेश दिया।

नशे से दूर रहने का दिलाया संकल्प

कार्यक्रम में नशे के दुष्प्रभावों और इसके कारण परिवार तथा समाज पर पड़ने वाले प्रतिकूल प्रभावों की जानकारी दी गई। उपस्थित लोगों को “नशा छोड़ें, जिंदगी जोड़ें” का संदेश देते हुए नशे से दूर रहने तथा नशामुक्त समाज के निर्माण में सहभागी बनने का संकल्प दिलाया गया। नशे से संबंधित समस्या या सहायता की आवश्यकता होने पर 1933 पर संपर्क करने की जानकारी भी दी गई।

कराटे और आत्मरक्षा तकनीकों का प्रदर्शन

महिलाओं एवं बालिकाओं को सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से कार्यक्रम में कराटे तथा विभिन्न आत्मरक्षा तकनीकों का व्यावहारिक प्रदर्शन किया गया। पुलिस अधिकारियों ने महिलाओं और बालिकाओं को विपरीत परिस्थितियों में आत्मविश्वास बनाए रखने, सतर्क रहने तथा आवश्यक आत्मरक्षा कौशल सीखने के लिए प्रेरित किया।

अधिकारियों की रही महत्वपूर्ण भूमिका

कार्यक्रम के आयोजन एवं संचालन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती ममता देवांगन, एसडीओपी धमधा श्रीमती चित्रा वर्मा, डीएसपी यातायात श्री विशाल सोन, साइबर क्राइम प्रभारी डॉ. संकल्प राय सहित संबंधित पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

दुर्ग पुलिस ने की सतर्क रहने की अपील

दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की कि साइबर अपराध से बचाव के लिए किसी भी अनजान व्यक्ति को ओटीपी, पासवर्ड, बैंकिंग विवरण अथवा अन्य गोपनीय जानकारी न दें। संदिग्ध लिंक और एपीके फाइल से सावधान रहें। ऑनलाइन वित्तीय ठगी होने पर तत्काल 1930 पर शिकायत करें। वहीं नशे से संबंधित सहायता के लिए 1933 पर संपर्क करें।

कार्यक्रम के दौरान “संकल्प—साइबर क्राइम मुक्त छत्तीसगढ़” के संदेश के साथ साइबर सुरक्षा, नशामुक्ति और महिला सुरक्षा को लेकर जागरूकता का संदेश दिया गया।

Link : https://shricgnewscreator.com/students-at-maitri-dental-college-were-sensitized-under-the-cyber-awareness-campaign/

Share This Article