कर्तव्यनिष्ठा और सेवा भाव की मिसाल रहीं स्टाफ नर्स मंजू राय, सेवानिवृत्ति पर भावभीनी विदाई

Editor
By Editor 4 Min Read

जिला चिकित्सालय दुर्ग में सम्मान समारोह, कोरोना काल से लेकर मुस्कान कार्यक्रम तक उल्लेखनीय सेवाओं को किया गया याद

दुर्ग, जिला चिकित्सालय दुर्ग में पदस्थ वरिष्ठ स्टाफ नर्स मंजू राय के शासकीय सेवा से सेवानिवृत्त होने पर गुरुवार को भावभीनी विदाई एवं सम्मान समारोह आयोजित किया गया। समारोह में उनके लंबे सेवाकाल, कर्तव्यनिष्ठा और स्वास्थ्य सेवाओं में दिए गए उल्लेखनीय योगदान की सराहना करते हुए उन्हें प्रशस्ति पत्र, शाल, श्रीफल एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सिविल सर्जन सह अस्पताल अधीक्षक डॉ. आशीषन मिंज थे। विशेष अतिथि के रूप में छत्तीसगढ़ प्रदेश स्वास्थ्य कर्मचारी संघ के प्रदेश महामंत्री सैय्यद असलम, सीएमएचओ प्रतिनिधि डॉ. सी.बी.एस. बंजारे, स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. विनीता धूव्रे तथा जीवन दीप समिति के सदस्य उपस्थित रहे।

डॉ. आशीषन मिंज ने कहा कि मंजू राय ने पूरी निष्ठा, ईमानदारी और मेहनत के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन किया। उनके कार्यों से न केवल जिला चिकित्सालय दुर्ग, बल्कि पूरे प्रदेश में नर्सिंग कैडर का नाम गौरवान्वित हुआ है। उन्होंने कहा कि उनका कार्यकाल आने वाली पीढ़ी के स्वास्थ्य कर्मियों के लिए प्रेरणा का स्रोत रहेगा।

जीवन दीप समिति के सदस्य प्रमोद बाग और दिलीप सिंह ठाकुर ने कहा कि मंजू राय ने सीमित संसाधनों और स्टाफ की कमी के बावजूद हमेशा एक कुशल प्रशिक्षक की भूमिका निभाई। उन्होंने नई नर्सों को कार्य के प्रति समर्पण, अनुशासन और सेवा भावना का पाठ पढ़ाया, जो अनुकरणीय है।

छत्तीसगढ़ प्रदेश स्वास्थ्य कर्मचारी संघ के प्रदेश महामंत्री सैय्यद असलम ने बताया कि मंजू राय ने जिला चिकित्सालय के लगभग सभी वार्डों में सेवाएं दीं। कोरोना महामारी के कठिन दौर में उन्होंने करीब 300 सामान्य प्रसव सफलतापूर्वक कराए, जो उनकी दक्षता और समर्पण का प्रमाण है।

उन्होंने बताया कि मंजू राय दुर्ग जिले की ऐसी स्टाफ नर्स हैं, जिन्होंने मुस्कान कार्यक्रम के अंतर्गत संचालित लाइफ लाइन एक्सप्रेस ट्रेन में कटे होंठ, तालु एवं जीभ से पीड़ित नवजात शिशुओं की सर्जरी में पूरे छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों में उल्लेखनीय भूमिका निभाई। उनकी उत्कृष्ट सेवाओं के लिए उन्हें कार्यक्रम के दौरान कर्नल द्वारा सम्मानित भी किया जा चुका है।

डॉ. सी.बी.एस. बंजारे, डॉ. विनीता धूव्रे तथा स्वास्थ्य कर्मचारी संघ के संभागीय अध्यक्ष अजय नायक ने कहा कि मंजू राय की कार्यशैली नए स्वास्थ्य कर्मचारियों के लिए मिसाल है। नर्सिंग कैडर की जिला संयोजक के रूप में उन्होंने नर्सों की छुट्टी, ड्यूटी, सेवा संबंधी आदेशों, विभिन्न मांगों तथा झूठी शिकायतों जैसे मामलों में जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग के समक्ष मजबूती से पक्ष रखते हुए उन्हें न्याय दिलाने का कार्य किया।

समारोह के दौरान विभाग की ओर से मंजू राय को प्रशस्ति पत्र, शाल, श्रीफल एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर जिला अध्यक्ष सत्येंद्र गुप्ता, उप प्रांताध्यक्ष प्रमेश पाल, जीवन दीप समिति के सदस्य प्रमोद बाग, दिलीप सिंह ठाकुर, प्रशांत डोंगांवकर, त्रषि यादव, जिला सचिव भूपेश उपाध्याय, कार्यकारी जिलाध्यक्ष खिलावन चंद्राकर, अस्पताल संयोजक राघवेंद्र साहू, महामंत्री लक्ष्मीकांत धोटे, सूपेला अध्यक्ष  सुशीला सिंह, वर्तमान नर्सिंग संयोजक शिवेंद्र दानी, सरोज सिंह, रोशन सिंह, कविता साहू, लक्ष्मी चंद,  सरस्वती चंद्राकर, कुलेश्वर देशमुख, शंभू राठौर, सती गुप्ता सहित स्वास्थ्य विभाग के बड़ी संख्या में अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

Link : https://shricgnewscreator.com/staff-nurse-manju-rai-an-exemplar-of-dedication-to-duty-and-a-spirit-of-service-receives-an-emotional-farewell-upon-retirement/

Share This Article