रायपुर के बोरियाकला की घटना, चरित्र पर शक और विवाद के बाद वारदात; पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया
रायपुर, राजधानी रायपुर के बोरियाकला स्थित हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में एक बीएड छात्रा की कथित तौर पर उसके लिव-इन पार्टनर द्वारा हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। आरोपी ने पहले युवती के साथ मारपीट की और फिर गला दबाकर उसकी जान ले ली। घटना के बाद वह युवती को अचेत अवस्था में मेकाहारा (डॉ. भीमराव अंबेडकर अस्पताल) लेकर पहुंचा, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद आरोपी अस्पताल से फरार हो गया। पुलिस ने परिजनों की शिकायत पर हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
6-7 महीने से लिव-इन में रह रहे थे दोनों
मुजगहन थाना पुलिस के अनुसार, कांकेर जिले के ग्राम कोकपुर निवासी भारती नेताम रायपुर के विकास महाविद्यालय में बीएड की पढ़ाई कर रही थी। वह पिछले छह से सात महीनों से कोंडागांव निवासी सावंत बघेल, जो डीएलएड का छात्र है, के साथ बोरियाकला में लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही थी।
चरित्र पर शक को लेकर होता था विवाद
मृतका के परिजनों ने पुलिस को बताया कि आरोपी सावंत बघेल अक्सर भारती के चरित्र पर संदेह करता था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच आए दिन विवाद और मारपीट होती थी। परिजनों का आरोप है कि इसी विवाद ने अंततः हत्या का रूप ले लिया।
बहन को फोन कर बताई थी मारपीट की बात
मृतका की बहन, जो पेशे से शिक्षिका हैं, ने बताया कि 4 अगस्त की रात भारती ने उन्हें फोन कर कहा था कि सावंत ने उसके साथ मारपीट की है और वह रायपुर छोड़कर अपने गांव कोकपुर लौटना चाहती है। बहन ने उसकी मदद के लिए तत्काल ऑनलाइन 3 हजार रुपये भेज दिए थे, ताकि वह वापस घर आ सके। हालांकि गांव लौटने से पहले ही उसके साथ यह घटना हो गई।
शरीर पर मिले चोट और गला दबाने के निशान
5 अगस्त को जब परिजन मेकाहारा अस्पताल पहुंचे तो भारती का शव स्टेचर पर रखा हुआ था। परिजनों के अनुसार, उसकी बाईं आंख के पास, कनपटी और चेहरे पर चोट व खरोंच के निशान थे। गर्दन के पीछे और ठोड़ी के पास खून जमने के काले निशान भी दिखाई दे रहे थे, जिससे गला दबाकर हत्या किए जाने की आशंका और मजबूत हुई।
अस्पताल में छोड़कर भागा, बाद में गिरफ्तार
पुलिस के अनुसार, आरोपी युवती को अस्पताल लेकर पहुंचा था, लेकिन डॉक्टरों द्वारा मृत घोषित किए जाने के बाद वह मौके से फरार हो गया। परिजनों की शिकायत के आधार पर मुजगहन थाना पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की और कुछ ही समय बाद आरोपी सावंत बघेल को गिरफ्तार कर लिया। उससे पूछताछ जारी है।
पुलिस कर रही मामले की विस्तृत जांच
पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में प्रेम संबंध, आपसी विवाद और चरित्र पर संदेह को घटना की मुख्य वजह माना जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और आरोपी से पूछताछ के आधार पर मामले के अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।
Link : https://shricgnewscreator.com/live-in-partner-strangles-b-ed-student-to-death-accused-flees-after-abandoning-body-at-hospital/








