चंदूलाल चंद्राकर नर्सिंग कॉलेज में हुआ विशेष योग शिविर

Editor
By Editor 2 Min Read

“योगा फॉर हेल्थी एजिंग” थीम पर सैकड़ों विद्यार्थियों एवं स्टाफ ने किया योगाभ्यास

अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित हुआ योग शिविर

भिलाई, शासन की जनहितकारी योजनाओं के अंतर्गत अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में दुर्ग जिले में योग एवं स्वास्थ्य जागरूकता को बढ़ावा देने हेतु विशेष कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में आयुष योगा वेलनेस सेंटर स्पेशलिटी क्लिनिक, शासकीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भिलाई-3 की ओर से चंदूलाल चंद्राकर मेमोरियल नर्सिंग कॉलेज, नेहरू नगर भिलाई में योग शिविर आयोजित किया गया।

कार्यक्रम में योग चिकित्सक डॉ. आकांक्षा मिश्रा द्वारा “योगा फॉर हेल्थी एजिंग” थीम पर योग प्रोटोकॉल कराया गया। शिविर में ताड़ासन, वृक्षासन, अर्द्ध चक्रासन, शशांकासन सहित विभिन्न योगासनों का अभ्यास कराया गया। साथ ही अनुलोम-विलोम प्राणायाम एवं भ्रामरी प्राणायाम के माध्यम से शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाए रखने के उपाय बताए गए।

डॉ. आकांक्षा मिश्रा ने उपस्थित विद्यार्थियों एवं स्टाफ को नियमित योग, प्राणायाम एवं ध्यान के महत्व की जानकारी देते हुए कहा कि योग केवल शरीर को स्वस्थ रखने का माध्यम नहीं, बल्कि मानसिक शांति, सकारात्मक ऊर्जा एवं तनावमुक्त जीवन का आधार भी है। उन्होंने स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन के लिए योग को दैनिक दिनचर्या में शामिल करने की अपील की।

शिविर में विभिन्न आयु वर्ग के लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान योग के माध्यम से रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने एवं तनावमुक्त जीवन जीने का संदेश दिया गया।

वीडियो

आयोजकों ने बताया कि शासन द्वारा जन-जन तक योग को पहुंचाने एवं लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से इस प्रकार के कार्यक्रम लगातार आयोजित किए जा रहे हैं। शिविर में सैकड़ों की संख्या में नर्सिंग विद्यार्थियों एवं स्टाफ ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई और योग के प्रति जागरूकता का परिचय दिया।

Share This Article