विशेष बच्चों की सधी हुई प्रस्तुतियों ने किया हैरान, भावविभोर हुए दर्शक

Editor
By Editor 4 Min Read

जीई फाउंडेशन के आयोजन  “अभिव्यक्ति की उड़ान” में चार जिलों के 13 विद्यालयों के विशेष बच्चों ने बिखेरे कला के विविध रंग

भिलाई, सामाजिक सेवा संस्थान गोल्डन एम्पथी (जीई) फाउंडेशन ने  “अभिव्यक्ति की उड़ान” का आयोजन 27 सितंबर की शाम महात्मा गांधी कला मंदिर, सिविक सेंटर, भिलाई में किया। विशेष बच्चों की प्रतिभा, आत्मविश्वास और रचनात्मकता को एक भव्य मंच प्रदान करने के उद्देश्य से इस वार्षिक सांस्कृतिक कार्यक्रम में शानदार प्रस्तुति हुई। चार जिलों के 13 विद्यालयों के विशेष बच्चों ने यहां अपनी कला के प्रदर्शन से दर्शकों को हैरान कर दिया। इन बच्चों की प्रस्तुति सामान्य बच्चों से कहीं भी कमतर नहीं थी, अतिथियों ने भी इन बच्चों को खूब सराहा।

जीई फाउंडेशन का आयोजन “अभिव्यक्ति की उड़ान”

आयोजन में मुख्य अतिथि डीआईजी सीआईएसएफ चंदन कुमार झा विशेष रूप से उपस्थित थे। उनके साथ ही विशेष अतिथि के तौर पर एफएसएनएल के चेयरमैन तोषिहिरो फुजिवारा, प्रबंध निदेशक एन.के. दीक्षित, मुख्य महाप्रबंधक पंकज त्यागी, युवा नेता मनीष पांडेय, वरिष्ठ पत्रकार ई.वी. मुरली, बीएसपी ऑफिसर्स एसोसिएशन के पूर्व महासचिव परविंदर सिंह ग्रेवाल तथा आयकर अधिकारी उषा शैलेश विशेष रूप से उपस्थित रहे।  अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम की शुरुआत की और बच्चों को पुरस्कार व सम्मान प्रदान किए।

विशेष बच्चों द्वारा प्रस्तुत मनमोहक गीत, नृत्य और सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने पूरे सभागार को भावविभोर कर दिया। बच्चों की हर एक प्रस्तुति में उनकी कड़ी मेहनत, अदम्य आत्मविश्वास और अनूठी प्रतिभा की झलक साफ दिखाई दे रही थी। कई प्रस्तुतियां इतनी हृदयस्पर्शी थीं कि दर्शक भावुक हो उठे और पूरा सभागार तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। इसके पहले शुरुआत में  जीई फाउंडेशन के संयोजक प्रदीप पिल्लई ने स्वागत भाषण में अतिथियों का अभिनंदन करते हुए कहा कि संस्थान का यह प्रयास सिर्फ एक सांस्कृतिक आयोजन तक सीमित नहीं है, बल्कि हमारा मुख्य उद्देश्य विशेष बच्चों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ना, उनकी छुपी हुई प्रतिभा को पहचान दिलाना है।

अतिथियों ने सराहा विशेष बच्चों की प्रस्तुति को

इस अवसर पर उपस्थित अतिथियों ने भी अपने उद्गार व्यक्त किेए। अतिथियों ने कहा कि  “अभिव्यक्ति की उड़ान” ने एक बार फिर समाज को यह मजबूत संदेश दिया कि हर बच्चे में कोई न कोई विशेष प्रतिभा छिपी होती है। जरूरत है तो बस उसे सही मंच देने और प्रोत्साहित करने की। जीई फाउंडेशन की यह सार्थक पहल निश्चित रूप से विशेष बच्चों के जीवन में आत्मविश्वास का नया संचार कर रही है और उन्हें समाज में एक विशिष्ट पहचान दिला रही है।

इन स्कूलों की रही भागीदारी

इस वर्ष के आयोजन में चार प्रमुख जिलों धमतरी, रायपुर, राजनांदगांव तथा दुर्ग-भिलाई के कुल तेरह विशेष विद्यालयों के बच्चों ने अपनी कला का शानदार प्रदर्शन किया। कार्यक्रम में आकांक्षा स्कूल रायपुर, एक्जैक्ट फाउंडेशन धमतरी, अभिलाषा स्कूल राजनांदगांव, मुस्कान स्कूल, नयनदीप स्कूल, दिव्य ज्योति स्कूल, स्नेह संपदा, तारे ज़मीं पर स्कूल, ब्राइट स्कूल, गुरुकुल, मानवता स्कूल, नवजीवन कल्याणी एवं सुर धारा के बच्चों ने भाग लिया।  
 
आयोजन को सफल बनाने में टीम की रही विशेष भूमिका

इस भव्य आयोजन को सफल बनाने में जीई फाउंडेशन की पूरी टीम और स्वयंसेवकों की भूमिका अत्यंत सराहनीय रही। कार्यक्रम का प्रभावी और ऊर्जावान संचालन अनुपमा मेश्राम एवं साक्षी पांडे ने अपनी सहज एंकरिंग से किया। इस आयोजन को सफल बनाने में मनीष टावरी, सुरेश कुमार, जावेद, के.वी. विनोद, उमेश पटेल, श्रेयस, प्रकाश देशमुख, देव नारायण पटेल, ज्योति पिल्लई, सुभागा सुरेश, सुरुचि तिवारी, मोनिका सिंह, अनुपमा मेश्राम, साक्षी पांडे, हर्षिता, स्वाति बारिक, स्वाति पंड़वार, योगिता साहू एवं सोनम सागर सहित सभी कार्यकर्ताओं ने अपनी सेवाएं दीं। कार्यक्रम के अंत में सुरेखा सुरेश ने आभार व्यक्त किया।

Link : https://shricgnewscreator.com/polished-performances-by-special-needs-children-amazed-the-audience-and-left-them-deeply-moved/

Share This Article