भिलाई, सिरसा अंडरब्रिज को शीघ्र शुरू कराने की मांग को लेकर बुधवार को प्रदेश कांग्रेस के संयुक्त महामंत्री सुजीत बघेल के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने रेलवे मंडल प्रबंधक (डीआरएम) दयानंद से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा।
प्रतिनिधिमंडल में भिलाई चरोदा निगम के एमआइसी प्रभारी एम. जानी, सतीश धुरंधर सहित अन्य लोग शामिल थे। सुजीत बघेल ने बताया कि डीआरएम ने अंडरब्रिज में हाइट गेज की ऊंचाई कम कर आवश्यक कार्य पूर्ण करते हुए नौ अगस्त तक अंडरब्रिज खोलने का आश्वासन दिया। डीआरएम आज भिलाई में विभागीय दौरा पर थे।
ज्ञापन में बताया गया कि रेलवे प्रशासन ने 1 जुलाई से 31 अगस्त 2026 तक सिरसा अंडरब्रिज को संधारण कार्य के नाम पर बंद रखा है। इससे प्रतिदिन 20 से 22 हजार लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। छात्र, नौकरीपेशा, ग्रामीण, मजदूर और आम नागरिकों को छह से सात किलोमीटर अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ रही है। वहीं राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात का दबाव बढ़ने से सड़क दुर्घटनाओं की आशंका भी बढ़ गई है।
प्रतिनिधिमंडल ने सुझाव दिया कि अंडरब्रिज को बार-बार क्षतिग्रस्त होने से बचाने के लिए हाइवा, कैप्सूल और अन्य भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक लगाने हेतु हाइट गेज लगाया जाए, जबकि छोटे वाहनों और पैदल राहगीरों के लिए मार्ग तत्काल खोल दिया जाए।
उल्लेखनीय है कि दो दिन पूर्व सुजीत बघेल ने क्षेत्रवासियों के साथ अंडरब्रिज का निरीक्षण कर रेलवे अधिकारियों से छोटे वाहनों के लिए इसे शीघ्र शुरू करने की मांग की थी।
Link : https://shricgnewscreator.com/sirsa-underbridge-to-open-soon-public-representatives-meet-drm/








