विभागीय लापरवाही ने ली संविदा बिजली कर्मी की जान

Editor
By Editor 2 Min Read

सुरक्षा मानकों और अधिकारियों की मॉनिटरिंग पर उठे सवाल

भिलाई, बिजली कंपनी के पाटन वितरण केंद्र अंतर्गत ग्राम चीचा में बुधवार को मरम्मत कार्य के दौरान संविदा कर्मचारी खेम निर्मलकर की करंट लगने से मौत ने बिजली कंपनी की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार लाइन पर कार्य के दौरान समुचित समन्वय के बिना बिजली आपूर्ति चालू कर दी गई, जिससे संविदा कर्मी करंट की चपेट में आ गया। घटना को विभागीय लापरवाही और अधिकारियों की प्रभावी मॉनिटरिंग के अभाव का परिणाम माना जा रहा है।

जानकारी के अनुसार एलटी लाइन की मरम्मत के दौरान एक कर्मी पोल पर और खेम निर्मलकर नीचे कार्य कर रहे थे। इसी बीच लाइन में बिजली प्रवाहित कर दी गई। सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन नहीं होने और कार्यस्थल पर समन्वय की कमी के कारण खेम की मौके पर ही मौत हो गई। पूर्व सैनिक रहे खेम सेवानिवृत्ति के बाद बिजली कंपनी में संविदा कर्मचारी के रूप में कार्यरत थे।

गौरतलब है कि बिजली कंपनी में सुरक्षा मानकों की अनदेखी और कार्यस्थलों की निगरानी को लेकर पहले भी सवाल उठते रहे हैं। इसके बावजूद जिम्मेदार अधिकारियों द्वारा सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रभावी मॉनिटरिंग नहीं किए जाने से लगातार हादसे हो रहे हैं। कर्मचारियों का कहना है कि यदि कार्य शुरू करने और बिजली आपूर्ति बहाल करने की निर्धारित प्रक्रिया का सख्ती से पालन होता तो इस दुर्घटना को टाला जा सकता था।

इधर पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है, जबकि पाटन वितरण केंद्र के वितरण अभियंता (डीई) भुवनेश्वर प्रसाद दीपक ने बताया कि दुर्घटना के कारणों की जांच के लिए विभागीय टीम गठित कर दी गई है। जांच रिपोर्ट के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Link : https://shricgnewscreator.com/departmental-negligence-claims-the-life-of-a-contractual-electricity-worker/

Share This Article