उरला निवासी 55 वर्षीय भगवंतीन बाई कल से थीं लापता, आज गुमशुदगी दर्ज होने के कुछ देर बाद जंगलनुमा क्षेत्र में मिला शव; पुलिस, क्राइम ब्रांच और डॉग स्क्वाड जांच में जुटे
दुर्ग, पुलगांव थाना क्षेत्र अंतर्गत पुलगांव नाला किनारे जंगलनुमा क्षेत्र में शनिवार को एक महिला का अर्धनग्न शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान उरला निवासी भगवंतीन बाई (55 वर्ष) के रूप में हुई है। प्रारंभिक स्थिति को देखते हुए पुलिस दुष्कर्म के बाद हत्या की आशंका से भी जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार भगवंतीन बाई शुक्रवार से लापता थीं। परिजनों ने शनिवार को उनकी गुमशुदगी दर्ज कराई थी। इसी दौरान पुलगांव नाला के पास झाड़ियों के बीच एक महिला का शव पड़े होने की सूचना पुलिस को मिली। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव की पहचान कराई, जिसके बाद मृतका के परिजनों को सूचना दी गई।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलगांव थाना पुलिस के साथ क्राइम ब्रांच और डॉग स्क्वाड की टीम भी मौके पर पहुंची। घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए गए। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ ही घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की भी जांच कर रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शव की स्थिति और घटनास्थल के हालात को देखते हुए सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारण और दुष्कर्म की पुष्टि हो सकेगी। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
Link : https://shricgnewscreator.com/sensation-after-semi-nude-body-of-woman-found-near-pulgaon-drain-suspected-rape-and-murder/








