एसएसपी विजय अग्रवाल के नेतृत्व में चला विशेष अभियान; 1604 खात्मा और 165 खारजी प्रकरणों का हुआ निराकरण, डीजीपी बोले- पीड़ितों को शीघ्र न्याय दिलाने से बढ़ता है जनविश्वास
दुर्ग, लंबित मामलों के त्वरित और प्रभावी निराकरण के लिए दुर्ग पुलिस द्वारा चलाए गए विशेष अभियान की पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) अरुण देव गौतम ने सराहना की है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल के नेतृत्व में महज पांच सप्ताह के भीतर थानों में वर्षों से लंबित 1769 प्रकरण न्यायालय में प्रस्तुत किए गए, जिनमें 1604 खात्मा और 165 खारजी के मामले शामिल हैं।
एसएसपी विजय अग्रवाल ने सभी थाना प्रभारियों को लंबित प्रकरणों की नियमित समीक्षा कर उनके शीघ्र वैधानिक निराकरण के निर्देश दिए थे। इसी रणनीति के तहत विशेष अभियान चलाकर लंबित फाइलों का परीक्षण किया गया और आवश्यक कार्रवाई पूरी करते हुए मामलों को न्यायालय में पेश किया गया।
इस पहल से न केवल थानों में लंबित मामलों का बोझ कम हुआ है, बल्कि पीड़ितों को समय पर न्याय मिलने की प्रक्रिया भी तेज हुई है। दुर्ग पुलिस की इस उपलब्धि से पूरे पुलिस विभाग में उत्साह का माहौल है।
पीड़ितों को शीघ्र न्याय दिलाना पुलिस की प्राथमिकता : डीजीपी
डीजीपी अरुण देव गौतम ने प्रशंसा पत्र में कहा कि पीड़ितों को समय पर न्याय दिलाना पुलिस विभाग की प्रमुख जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि दुर्ग पुलिस ने अल्प समय में बड़ी संख्या में लंबित मामलों का निराकरण कर न्यायालय में प्रस्तुत किया है, जो अन्य जिलों के लिए भी प्रेरणादायी है। उन्होंने विश्वास जताया कि एसएसपी विजय अग्रवाल के नेतृत्व में दुर्ग पुलिस भविष्य में भी इसी प्रतिबद्धता और तत्परता के साथ कार्य करती रहेगी।
Link : https://shricgnewscreator.com/dgp-commends-durg-polices-prompt-action-1769-pending-cases-submitted-to-court-within-five-weeks/








