जून में होने वाले क्षेत्रीय प्रशिक्षण वर्ग और प्रांतीय साधारण सभा की व्यवस्थाओं पर हुई विस्तृत चर्चा
भिलाई, संस्कार भारती जिला दुर्ग की महत्वपूर्ण बैठक 18 मई को सेक्टर-4 भिलाई स्थित सरस्वती शिशु मंदिर में प्रांत अध्यक्ष रिखी क्षत्रिय की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। बैठक आगामी 26, 27 एवं 28 जून को आयोजित होने वाले क्षेत्रीय प्रशिक्षण वर्ग तथा 28-29 जून को प्रस्तावित प्रांतीय साधारण सभा की तैयारियों को लेकर आयोजित की गई थी।
बैठक का शुभारंभ ध्येय गीत एवं परिचय सत्र के साथ हुआ। इस अवसर पर प्रांतीय महामंत्री हेमन्त माहुलीकर ने प्रशिक्षण वर्ग से जुड़ी व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा करते हुए आयोजन को सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए विभिन्न समितियों के गठन की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने यातायात, भोजन, पंजीयन, प्रकाशन, स्वास्थ्य, स्वच्छता, मंच सज्जा, प्रदर्शनी एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम जैसी व्यवस्थाओं को समयबद्ध रूप से पूर्ण करने का आह्वान किया।
बैठक में जानकारी दी गई कि क्षेत्रीय प्रशिक्षण वर्ग एवं प्रांतीय साधारण सभा का आयोजन उमरपोटी स्थित श्री जी पैलेस में किया जाएगा। आयोजन की सफलता के लिए जिला कार्यकारिणी के कई सदस्यों ने विभिन्न जिम्मेदारियों का दायित्व संभालने की सहमति प्रदान की।
जिला उपाध्यक्ष डॉ. महेश चंद्र शर्मा ने कहा कि प्रशिक्षण किसी भी कला संस्था का महत्वपूर्ण अंग होता है। इसके माध्यम से कार्यकर्ता संस्था की कार्यपद्धति, उद्देश्यों और सांस्कृतिक दृष्टि से गहराई से परिचित होते हैं। वहीं प्रांत अध्यक्ष रिखी क्षत्रिय ने कहा कि दुर्ग जिले में पहली बार आयोजित हो रहे इस क्षेत्रीय आयोजन को सफल बनाने के लिए सभी सदस्य अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करेंगे।
बैठक में प्रांतीय कोष प्रमुख जागेश्वर सिंह मानसर को सर्व व्यवस्था प्रमुख, जिला सह कोष प्रमुख महेश्वर राव नायडू को सह व्यवस्था प्रमुख तथा बी पी कश्यप को पंजीयन एवं कार्यालय प्रमुख की जिम्मेदारी सौंपी गई। इसके अलावा यातायात व्यवस्था हेतु मंगेश बोकारे तथा प्रदर्शनी व्यवस्था के लिए मनीष ताम्रकार ने अपनी स्वीकृति प्रदान की। अन्य समितियों के लिए भी कुछ नामों पर चर्चा की गई, जिनकी सहमति के बाद अगली बैठक तक दायित्व तय किए जाएंगे।
बैठक में प्रांतीय सह महामंत्री डॉ. पुरुषोत्तम चंद्राकर, जिला कोष प्रमुख विकास पांडे, ज्योति धारकर, आभा नेवालकर, कांता दलवी, राजेश धारकर, देवेंद्र श्रीवास्तव एवं यश दलवी सहित अनेक सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन जिला महामंत्री संजय तनखीवाले ने किया। बैठक का समापन वंदेमातरम् के साथ हुआ।



