बारिश में सड़कों पर बढ़ा आवारा मवेशियों का खतरा, आप ने निगम आयुक्त को सौंपा ज्ञापन

Editor
By Editor 3 Min Read

भिलाई-दुर्ग की मुख्य सड़कों, नेशनल हाईवे और घनी बस्तियों से मवेशियों को हटाने की मांग; लोगों की सुरक्षा के लिए स्थायी व्यवस्था पर जोर

भिलाई, बारिश के मौसम में भिलाई-दुर्ग की सड़कों पर आवारा मवेशियों का जमावड़ा आम लोगों के लिए बड़ी परेशानी के साथ-साथ जानलेवा खतरा बनता जा रहा है। मुख्य मार्गों, नेशनल हाईवे और शहर की घनी आबादी वाली कॉलोनियों में सड़क पर बैठे मवेशियों के कारण दुर्घटनाओं की आशंका लगातार बनी रहती है। इस गंभीर समस्या को लेकर आम आदमी पार्टी (आप) जिला दुर्ग ने भिलाई-चरौदा नगर निगम आयुक्त को ज्ञापन सौंपकर तत्काल प्रभावी कार्रवाई की मांग की है।

आप नेताओं ने ज्ञापन में कहा कि बारिश शुरू होते ही सड़कें आवारा मवेशियों का ठिकाना बन जाती हैं। भिलाई-दुर्ग की प्रमुख सड़कों के अलावा खुर्सीपार, सुपेला, स्मृति नगर और अन्य व्यस्त इलाकों में सड़क पर बैठे मवेशियों के कारण वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। तेज रफ्तार वाहनों के बीच अचानक मवेशियों के आ जाने से आए दिन दुर्घटनाओं की स्थिति बनती है। सबसे अधिक खतरा दोपहिया वाहन चालकों को रहता है, जो मवेशियों को बचाने के प्रयास में अनियंत्रित होकर हादसे का शिकार हो जाते हैं।

स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यह समस्या वर्षों से बनी हुई है, लेकिन बारिश के दौरान हालात और अधिक गंभीर हो जाते हैं। सड़क पर पानी भरने और दृश्यता कम होने के कारण मवेशी समय पर दिखाई नहीं देते, जिससे दुर्घटना की संभावना कई गुना बढ़ जाती है।

इसी समस्या को लेकर आम आदमी पार्टी जिला दुर्ग के पदाधिकारी गण देवेंद्र सिंह भाटिया, अजय रामटेके, शमीम अहमद, पुरुषोत्तम सिंह राजपूत, शेख इमरान, मोहित सोनी, रमेश सोनी, आफताब अंसारी, मोहम्मद सेफ एवं कार्यकर्ताओं ने भिलाई-चरौदा नगर निगम आयुक्त को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में सड़कों से आवारा मवेशियों को हटाने, उनके संरक्षण एवं रख-रखाव की समुचित व्यवस्था करने तथा नियमित अभियान चलाकर सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की गई।

प्रदेश सचिव देवेंद्र सिंह भाटिया ने कहा कि यह केवल यातायात व्यवस्था का मुद्दा नहीं, बल्कि आम नागरिकों की जान-माल की सुरक्षा से जुड़ा विषय है। बच्चों, बुजुर्गों और दोपहिया वाहन चालकों के लिए यह समस्या सबसे अधिक जोखिम भरी है। उन्होंने निगम प्रशासन से इस दिशा में जल्द ठोस और स्थायी कार्रवाई करते हुए सड़कों को आवारा मवेशियों से मुक्त कराने की मांग की है।

Link : https://shricgnewscreator.com/risk-from-stray-cattle-on-roads-increases-during-rains-aap-submits-memorandum-to-municipal-commissioner/

Share This Article