गौतम नगर में वारदात के बाद त्वरित कार्रवाई, आरोपी गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया; बाउंड ओवर की कार्रवाई भी प्रस्तावित
दुर्ग, सुपेला थाना क्षेत्र के गौतम नगर में शराब पीने के लिए पैसे मांगने पर हुए विवाद में धारदार हथियार दिखाकर मारपीट और जान से मारने की धमकी देने वाले आदतन बदमाश को सुपेला पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। उसके आपराधिक रिकॉर्ड को देखते हुए बाउंड ओवर की कार्रवाई भी प्रस्तावित की गई है।
पुलिस के अनुसार, 29 जुलाई को पीड़ित ने सुपेला थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 28 जुलाई की शाम करीब 7 बजे वह अपने घर के बाहर बैठा था। इसी दौरान मोहल्ले का रहने वाला राहुल यादव वहां पहुंचा और शराब पीने के लिए पैसे मांगने लगा। पैसे नहीं होने की बात कहने पर आरोपी ने अश्लील गाली-गलौज शुरू कर दी और अपने पास रखा धारदार हथियार दिखाकर जान से मारने की धमकी दी।
इसके बाद आरोपी ने पीड़ित के साथ हाथ-मुक्कों से मारपीट की। बीच-बचाव करने पहुंचे रूपचंद रात्रे के साथ भी आरोपी ने हाथापाई कर दी। घटना के बाद पीड़ित की शिकायत पर सुपेला थाना पुलिस ने अपराध क्रमांक 1073/2026 दर्ज कर मामले की विवेचना शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी राहुल यादव (26) निवासी गौतम नगर, सुपेला को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद घटना में प्रयुक्त धारदार हथियार भी बरामद कर लिया गया। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार आरोपी पहले से आदतन बदमाश है। उसके विरुद्ध कानून व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से बाउंड ओवर की कार्रवाई भी की जा रही है।
सुपेला थाना प्रभारी निरीक्षक एस.एन. सिंह के नेतृत्व में पीएसआई अक्षय साहू, प्रधान आरक्षक अभय शुक्ला तथा आरक्षक धर्मेंद्र सूर्यवंशी ने कार्रवाई में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि मारपीट, धमकी या किसी भी प्रकार की असामाजिक गतिविधि की जानकारी तत्काल नजदीकी थाना या पुलिस कंट्रोल रूम को दें, ताकि ऐसे तत्वों के विरुद्ध समय रहते सख्त वैधानिक कार्रवाई की जा सके।
Link : https://shricgnewscreator.com/youth-assaulted-with-a-sharp-edged-weapon-after-refusing-to-give-money-for-alcohol-supela-police-nab-habitual-offender/








