सुपेला में चार जगह धारदार हथियार लहराकर लोगों को डराया, चार आरोपित गिरफ्तार

Editor
By Editor 4 Min Read

रेलवे स्टेशन मार्ग से लेकर संजय नगर दशहरा मैदान तक पुलिस की कार्रवाई, चारों के कब्जे से धारदार लोहे के हथियार बरामद

भिलाई, थाना सुपेला क्षेत्र में सार्वजनिक स्थानों पर धारदार हथियार लहराकर राहगीरों को डराने-धमकाने के चार अलग-अलग मामलों में पुलिस ने चार आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से चार धारदार लोहे के हथियार बरामद किए हैं। चारों के विरुद्ध आयुध अधिनियम की धारा 25, 27 के तहत पृथक-पृथक अपराध दर्ज कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

पुलिस के अनुसार, मंगलवार को सुपेला थाना क्षेत्र के अलग-अलग स्थानों पर धारदार हथियार लेकर लोगों को भयभीत करने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस की अलग-अलग टीमों ने संबंधित स्थानों पर पहुंचकर घेराबंदी की और आरोपितों को पकड़ लिया।

झाड़ियों में फेंक दिया हथियार

पहली कार्रवाई भिलाई नगर रेलवे स्टेशन जाने वाले मार्ग पर गोठान के पास की गई। यहां एक युवक धारदार लोहे का हथियार लहराकर लोगों को डरा-धमका रहा था। पुलिस को देखकर उसने हथियार झाड़ियों में फेंक दिया। पुलिस ने तलाशी लेकर हथियार बरामद कर लिया। आरोपित की पहचान 23 वर्षीय नवीन निषाद, निवासी मराठी मोहल्ला कोसानगर, सुपेला के रूप में हुई।

राहगीरों को डराते पकड़ा

दूसरी कार्रवाई न्यू कृष्णा नगर में चन्द्राकर दुकान के पास की गई। यहां धारदार हथियार लहराकर राहगीरों को डराने वाले गोलु जांगडे (32), निवासी न्यू कृष्णा नगर को पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ा। उसके कब्जे से भी धारदार लोहे का हथियार बरामद किया गया।

तीसरी कार्रवाई लक्ष्मी मार्केट स्थित चिकन दुकान के पास रोड पर हुई। यहां धारदार हथियार लेकर लोगों को डराने-धमकाने के आरोप में राजकुमार देशलहरे (19), निवासी श्याम चौक, न्यू कृष्णा नगर को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने उसके कब्जे से धारदार हथियार जब्त किया।

दशहरा मैदान में भी कार्रवाई

चौथी कार्रवाई संजय नगर दशहरा मैदान क्षेत्र में की गई। यहां हथियार लेकर लोगों को डराने-धमकाने की सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। घेराबंदी कर भोजराज रात्रे (25), निवासी न्यू कृष्णा नगर, श्याम चौक को पकड़ा गया। उसके कब्जे से भी धारदार लोहे का हथियार बरामद हुआ।

चार अलग-अलग प्रकरण दर्ज

पुलिस ने चारों मामलों में थाना सुपेला में अपराध क्रमांक 1281/2026 से 1284/2026 तक पृथक-पृथक प्रकरण दर्ज किए हैं। आरोपितों के खिलाफ आयुध अधिनियम की धारा 25, 27 के तहत कार्रवाई की गई। इसके बाद सभी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

पुलिस की अपील

दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि सार्वजनिक स्थानों पर किसी व्यक्ति द्वारा धारदार हथियार लेकर भय उत्पन्न करने, धमकाने या किसी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें। पुलिस ने कहा है कि कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वाली गतिविधियों में संलिप्त लोगों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

कार्रवाई में इनकी रही भूमिका: थाना प्रभारी सुपेला एसएन सिंह, सउनि पुरन साहु, अजय यांकर, अविनाशी, राजेश तिवारी, प्रधान आरक्षक नवीन सिंह, प्रहलाद सिरमौर, आरक्षक गंभीर जाट, सुरेंद्र पटेल, मिथलेश साहु, प्रदीप सिंह एवं निर्मलकर की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Link : https://shricgnewscreator.com/four-accused-arrested-for-brandishing-sharp-edged-weapons-and-terrorizing-people-at-four-locations-in-supela/

Share This Article