जुनवानी खमरिया में घर-घर पहुंची पुलिस टीम, संदिग्धों और अनधिकृत रूप से रह रहे लोगों की जुटाई जानकारी; किराये पर दिए आवासों का भी होगा सत्यापन
भिलाई, जुनवानी के खमरिया स्थित पीएम आवास कॉलोनी में मंगलवार सुबह दुर्ग पुलिस ने सरप्राइज चेकिंग अभियान चलाया। सुबह करीब पांच बजे शुरू हुई कार्रवाई में पुलिस की संयुक्त टीम ने कॉलोनी में घर-घर पहुंचकर वहां निवासरत लोगों की जानकारी और दस्तावेजों का सत्यापन किया। इस दौरान संदिग्ध व्यक्तियों तथा आपराधिक गतिविधियों से जुड़े लोगों की मौजूदगी और उनके संभावित ठिकानों के संबंध में जानकारी जुटाई गई।
भिलाई नगर सीएसपी निशांत पाठक के नेतृत्व में स्मृति नगर चौकी सहित तीन थाना प्रभारियों की संयुक्त पुलिस टीम ने यह कार्रवाई की। पुलिस के अनुसार क्षेत्र में गुंडा-बदमाश और आपराधिक प्रवृत्ति के व्यक्तियों की गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। इसी क्रम में संभावित ठिकानों, छिपने के स्थानों और संदिग्ध गतिविधियों वाले स्थानों का सत्यापन करने के लिए अचानक चेकिंग की गई।
घर-घर पहुंचकर दस्तावेजों का सत्यापन
चेकिंग के दौरान पुलिसकर्मियों ने कॉलोनी के आवासों में रह रहे लोगों की जानकारी ली। उनके पहचान संबंधी दस्तावेजों का सत्यापन किया गया। साथ ही संदिग्ध अथवा अनधिकृत रूप से निवासरत पाए गए लोगों की जानकारी भी संकलित की गई। पुलिस ने ऐसे स्थानों को भी चिह्नित किया, जहां संदिग्ध गतिविधियों की आशंका अथवा आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों के रहने की जानकारी सामने आई।

नियम विरुद्ध किराये पर दिए आवासों की भी जांच
पुलिस के अनुसार पीएम आवास कॉलोनी के कुछ आवास नियमों के विपरीत किराये पर दिए जाने संबंधी जानकारी भी सामने आई है। चेकिंग के दौरान ऐसे आवासों की जानकारी संकलित कर उनका सत्यापन किया जा रहा है। नियमों के विपरीत आवासों में निवासरत पाए गए व्यक्तियों और संबंधित आवासों की जानकारी नगर निगम को उपलब्ध कराई जाएगी। इसके बाद संबंधित विभाग द्वारा नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
अपराध नियंत्रण के लिए जारी रहेगी निगरानी
दुर्ग पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में अपराध नियंत्रण और जनसुरक्षा के दृष्टिगत संदिग्ध व्यक्तियों के सत्यापन तथा इस तरह की सरप्राइज चेकिंग आगे भी जारी रहेगी। पुलिस टीम द्वारा ऐसे स्थानों की जानकारी भी जुटाई जा रही है, जहां आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों के छिपने या संदिग्ध गतिविधियों में शामिल होने की संभावना हो।
पुलिस ने नागरिकों से की अपील
दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि अपने क्षेत्र में किसी संदिग्ध व्यक्ति की गतिविधि अथवा आपराधिक गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें। साथ ही मकान किराये पर देने से पहले संबंधित व्यक्ति की पहचान और आवश्यक दस्तावेजों का सत्यापन कराने की सलाह दी गई है। पुलिस ने अपराध नियंत्रण और जनसुरक्षा के लिए आम नागरिकों से सहयोग की अपील की है।
चेकिंग स्थल: जुनवानी के खमरिया स्थित पीएम आवास कॉलोनी, जिला दुर्ग।
कार्रवाई में भूमिका: भिलाई नगर सीएसपी निशांत पाठक के नेतृत्व में स्मृति नगर चौकी सहित संबंधित तीन थाना प्रभारियों और पुलिस टीम ने चेकिंग अभियान में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
Link : https://shricgnewscreator.com/police-conduct-surprise-check-at-pm-awas-colony-at-5-am/













